आंधी-बारिश में बार-बार ब्लैकआउट, मेंटेनेंस की कमी उजागर
मुजफ्फरपुर में बुधवार देर शाम आई आंधी-बारिश ने बिजली व्यवस्था को चरमरा दिया। पेड़ों की कटाई और लाइन मेंटेनेंस के अभाव में 33 और 11 केवी लाइनों में शॉर्ट-सर्किट की समस्या उत्पन्न हुई, जिससे कई क्षेत्रों में बार-बार ब्लैकआउट हुआ। लोगों ने नियमित मेंटेनेंस और जांच की मांग की है।

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। आंधी-बारिश के साथ बुधवार देर शाम चरमराई शहर की बिजली व्यवस्था कई इलाकों में गुरुवार को भी परेशानी का सबब रही। पेड़ों की समुचित कटाई-छंटाई और लाइन मेंटेनेंस नहीं होने के कारण हल्की तेज हवा और बारिश में ही 33 एवं 11 केवी लाइनों में शॉर्ट-सर्किट की समस्या उत्पन्न हो रही है, जिससे बार-बार ब्लैकआउट की स्थिति बन रही है। आंधी-बारिश शुरू होते ही शहर और आसपास के अधिकांश इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कच्ची-पक्की, मुशहरी, मझौली धर्मदास, मिस्काट, बीएमपी, चंदवारा, भिखनपुरा, रामदयालु, भगवानपुर और एमआईटी पावर सब स्टेशन क्षेत्रों में कई जगह पेड़ों की डालियां बिजली तारों से सट गईं।
इससे शॉर्ट-सर्किट होने पर लाइन ट्रिप कर गई और घंटों बिजली गुल रही। स्थिति यह रही कि कहीं रात 11-12 बजे बिजली बहाल हुई तो कहीं रात दो बजे, जबकि कई इलाकों में सुबह तीन-चार बजे के बाद सप्लाई सामान्य हो सकी। लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से कई घरों के इन्वर्टर भी जवाब दे गए, जिससे लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। शौचालय तक जाने में भी परेशानी हुई। लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि आंधी-वर्षा के मौसम से पहले सभी फीडरों का नियमित मेंटेनेंस, पेड़ों की कटाई-छंटाई और लाइनों की जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि खराब मौसम में बार-बार ब्लैकआउट की समस्या से राहत मिल सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन