Muzaffarpur Bihar soft route for smuggling drugs weapons being sent to Delhi Mumbai North East स्मगलिंग का सॉफ्ट रूट मुजफ्फरपुर, दिल्ली-मुंबई-नॉर्थ ईस्ट तक भेजे जा रहे ड्रग्स और हथियार, Bihar Hindi News - Hindustan
More

स्मगलिंग का सॉफ्ट रूट मुजफ्फरपुर, दिल्ली-मुंबई-नॉर्थ ईस्ट तक भेजे जा रहे ड्रग्स और हथियार

केंद्रीय एजेंसी के मुताबिक, सड़क के साथ रेल मार्ग से भी प्रतिबंधित शराब, गांजा, अफीम, सोना, हथियार तक मुजफ्फरपुर पहुंच रहे हैं। यहां उसे आसानी से ठिकाना भी लगाया जा रहा है।

Sun, 8 June 2025 10:33 AMSudhir Kumar हिन्दुस्तान, सोमनाथ सत्योम, मुजफ्फरपुर
share
स्मगलिंग का सॉफ्ट रूट मुजफ्फरपुर, दिल्ली-मुंबई-नॉर्थ ईस्ट तक भेजे जा रहे ड्रग्स और हथियार

उत्तर बिहार की अघोषित राजधानी मुजफ्फरपुर प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी के लिए सॉफ्ट रूट बनता जा रहा है। दिल्ली, मुंबई व नार्थ ईस्ट तक मुजफ्फरपुर के रास्ते नशा और हथियार की खेप पहुंच रही है। इसे लेकर एक केंद्रीय एजेंसी ने उत्तर बिहार के जिला पुलिस को अलर्ट किया है। साथ ही, तस्करों से संबंधित जानकारियां भी सांझा की है। इसके आधार पर नेपाल और बंगाल बॉर्डर के जिलों की पुलिस ने कार्रवाई भी शुरू कर दी है। एसएसबी भी अलर्ट हो गया है।

केंद्रीय एजेंसी के मुताबिक, सड़क के साथ रेल मार्ग से भी प्रतिबंधित शराब, गांजा, अफीम, सोना, हथियार तक मुजफ्फरपुर पहुंच रहे हैं। यहां उसे आसानी से ठिकाना भी लगाया जा रहा है। बताया जाता है कि पूर्व में पकड़े गये तस्करों और कैरियरों ने भी इसकी जानकारी एजेंसी के अलावा जिला पुलिस और रेल पुलिस को दी थी।

मैठी में पकड़ा गया था विदेशी सिगरेट

बीते पांच मई को डीआरआई ने 18 करोड़ के सोना की खेप पकड़ी थी। वहीं नौ जनवरी को मैठी टॉल प्लाजा पर 80 लाख से अधिक की विदेश सिगरेट जब्त की थी। कैरियर को भी दोनों मामलों में पकड़ा था। अहियापुर, सदर, उत्पाद की टीम लगातार मुजफ्फरपुर से होकर जा रही शराब की बड़ी खेप को पकड़ रही है। हर महीने औसतन आधा दर्जन बड़ी कार्रवाई हो रही है। यह खेप मुजफ्फरपुर से होकर चंपारण, मिथिलांचल आदि जिलों में भेजी जा रही थी।

तस्करों पर नकेल को बनी हुई है क्यूआरटी

आरपीएफ इंस्पेक्टर मनीष कुमार व रेल थाना के थानेदार इंस्पेक्टर रंजीत कुमार ने बताया कि मुजफ्फरपुर में प्रतिबंधित वस्तुओं के परिवहन की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। क्यूआरटी गठित है। समय-समय पर मादक पदार्थ, मानव तस्कर, शराब की खेप, विदेशी सुपाड़ी आदि पकड़े गये हैं। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने को लेकर जवानों की तैनाती की गयी है।

जंक्शन पर जब्त हो चुका है एके-47, सोना व कोकीन

मुजफ्फरपुर जंक्शन पर हाल के दिनों में एके-47, कोकीन व हेरोइन जैसे नशीले पदार्थों की जब्ती के मामले सामने आए हैं। रेल रूट भी प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी के लिए सॉफ्ट रूट बन गये हैं। राजधानी एक्सप्रेस से लेकर इंटरसिटी जैसी ट्रेनों से तस्करी की जा रही है। वर्ष 2024 से लेकर अबतक मुजफ्फरपुर जंक्शन पर शराब, एके-47, कोकीन, गांजा, विदेशी सुपाड़ी, विदेशी सोना आदि की खेप के साथ कैरियर पकड़े जा चुके हैं। आरपीएफ इंस्पेक्टर मनीष कुमार व रेल थाना के थानेदार इंस्पेक्टर रंजीत कुमार ने बताया कि प्रतिबंधित वस्तुओं के परिवहन की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। क्यूआरटी गठित है।

डेढ़ साल में शराब से संबंधित 203 मामले दर्ज

एसबीआरबी के डाटा के अनुसार रेल थाना मुजफ्फरपुर व आरपीएफ ने जनवरी 2024 से अबतक 203 शराब से संबंधित मामले पकड़े हैं। दर्जनभर महिलाओं सहित 150 से अधिक शराब धंधेबाजों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा है। जंक्शन पर गांजा व हेरोइन की जब्ती हो चुकी है। कैरियर भी पकड़े गये हैं। कस्टम और डीआरआई ने विदेशी सोना भी पकड़ा है। इसके अलावा मानव तस्कर भी मुजफ्फरपुर जंक्शन पर बड़ी संख्या में पकड़े जा चुके हैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।