खबर का असर: नारियल पेड़ से बिजली तार हटाया, पोल पर लगाया गया
मुंगेर के मय गांव में सूखे नारियल के पेड़ से बिजली का तार बांधने की खबर के बाद बिजली विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। दो दिन में नया सीमेंट का पोल लगाकर सुरक्षित बिजली आपूर्ति शुरू की गई। ग्रामीणों ने अखबार का आभार व्यक्त किया और विभाग की तत्परता की सराहना की।

मुंगेर, निज प्रतिनिधि। खबर का असर साफ दिख रहा है। सोमवार, 20 अप्रैल 2026 को ‘दैनिक हिन्दुस्तान’ में सदर प्रखंड की मय पंचायत के मय गांव से जुड़ी एक खबर प्रकाशित हुई थी। शीर्षक था ‘नारियल पेड़ के सहारे बिजली आपूर्ति’। खबर में बताया गया था कि गांव में एक सूखे नारियल के पेड़ से बांधकर 440 वोल्ट का तार दौड़ाया गया है, जिससे हर वक्त हादसे का खतरा बना हुआ था। खबर प्रकाशित होते ही बिजली विभाग हरकत में आया। विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की। दो दिनों के भीतर ही सूखे नारियल के पेड़ से तार हटाकर वहां नया सीमेंट का पोल गाड़ दिया गया और व्यवस्थित तरीके से बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
व्यवस्था दुरुस्त होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीण बाल कृष्ण उर्फ गोपी, मुरारी कुमार, बब्लू यादव, संतोष कुमार आदि ने ‘दैनिक हिन्दुस्तान’ के प्रति आभार व्यक्त किया। बाल कृष्ण ने कहा, ‘सालों से शिकायत कर रहे थे, कोई सुनवाई नहीं हुई। अखबार में खबर छपते ही दो दिन में पोल लग गया। अखबार ही गरीब की आवाज है।’ मुरारी कुमार बोले, ‘सूखा पेड़ कभी भी गिर सकता था। तार टूटता तो बड़ा हादसा होता। अब बच्चे भी बेफिक्र होकर निकलते हैं।’ बब्लू यादव ने कहा कि विभाग की तत्परता सराहनीय है, लेकिन ऐसी लापरवाही पहले ही नहीं होनी चाहिए। कनीय अभियंता ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम भेजकर नया पोल स्थापित किया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन