जानपुल चौक पर नियमों की अनदेखी से ट्रैफिक बेलगाम, प्रशासन लगाए लगाम
मोतिहारी के जानपुल चौक पर जाम की समस्या विकराल होती जा रही है। दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण सड़कें संकीर्ण हो गई हैं, जिससे स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी होती है। नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया है, लेकिन समस्या का समाधान तुरंत आवश्यक है।

मोतिहारी शहर के जानपुल चौक से होकर गुजरनेवाले लोगों को काफी जदोजहद के बाद यहां के जाम से निकलने में सफलता मिलती है। जानपुल चौक पर सुबह से लेकर रात तक जाम की समस्या बनी रहती है। जानपुल चौक से होकर गुजरनेवाली सभी सड़कों के किनारे अतिक्रमण है। जानपुल चौक से ज्ञानबाबू चौक तक जानेवाली सड़क में दुकानदार अपने दुकानों से 10 फीट आगे तक अतिक्रमण किए हैं। जबकि जानपुल से स्टेशन रोड में जानेवाली सड़क के किनारे दुकानदारों ने अतिक्रमण कर लिया है। दुकानदारों ने अपनी दुकान के आगे अवैध ठेला वालों को जगह दे दी है। जहां ठेला वाले दुकान लगाकर चाट, चाउमीन, ताश, मीट सहित अन्य सामान की बिक्री करते हैं।
वहीं ज्ञानबाबू चौक जानेवाली सड़क किनारे सब्जी विक्रेताओं द्वारा अतिक्रमण किया गया है। इसके कारण यहां सड़के काफी संकीर्ण हो गई है। सड़कों के संकीर्ण होने के कारण जाम की समस्या सबसे अधिक रहती है। यहां तैनात ट्रैफिक पुलिस के जवान भी यातायात नियमों की अनदेखी करनेवालों पर कार्रवाई नहीं करते हैं। स्कूली बच्चों को होती है अधिक परेशानी: जानपुल व्यवसायी संघ के अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार गुप्ता, राजू कुमार गुप्ता, राकेश कुमार श्रीवास्तव आदि शहरवासियों ने बताया कि जानपुल चौक पर जाम की समस्या दिन प्रतिदिन विकराल होते जा रही है। यहां सुबह से शाम तक जाम लगा रहता है। जाम से सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को होती है। जाम में स्कूली बस के फंस जाने पर कभी-कभी एक-एक घंटे का समय बच्चों का खराब हो जाता है। गर्मी के मौसम में स्कूली बस के जाम में फंस जाने के कारण बच्चे भूख प्यास से बेचैने हो जाते हैं। सुबह में जाम में फंसने के कारण कई बच्चों का स्कूल तक छुट जाता है। इससे परिजनों को काफी परेशानी होती है। दुकानदार लगवाते हैं ठेला: प्रमोद कुमार गुप्ता, मसकर आलम, मो. सगीर, सोमेश गुप्ता राकेश कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य शहरवासियों ने बताया कि जानपुल चौक पर सड़क काफी चौड़ी है। लेकिन इसका अतिक्रमण होने के कारण यहां की सड़के अब काफी संकीर्ण हो गई है। दुकानदारों व मकान मालिक के द्वारा अपने प्रतिष्ठान व घरों के सामने ठेला वालों को लगवाया जाता है। कई लोग ठेलावालों से एक से दो लाख रुपए तक एडवांस लेते हैं। इसके साथ ही 200-300 रुपए रोजाना वसूलते हैं। ठेला दुकानदार सड़क किनारे ठेला खड़ा कर देते हैं। वहां खाने व सामान खरीदनेवाले लोग अपने वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कर देते हैं। इससे जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। अतिक्रमण से सड़कें हो गई है संकीर्ण: प्रमोद कुमार गुप्ता, राजू कुमार गुप्ता, अजय कुमार गुप्ता, मसकुर आलम, कृष्णा प्रसाद सहित अन्य लोगों ने बताया कि जानपुल चौक पर सड़क काफी चौड़ा है। लेकिन अतिक्रमण के कारण सड़कें काफी संकीर्ण हो गई है। ट्रैफिक सिग्नल रेड होने पर लोग दूसरे लेन में भी गाड़ी खड़ी कर देते हैं। इसके कारण जाम की समस्या से लोगों को निदान नहीं मिल पाता है। बेतरतीब वाहन लगाने से लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। सड़क किनारे अतिक्रमण करानेवालो को भी चिह्नित करने की जरूरत है।
प्रस्तुति : प्रियरंजन/विजय कुमार सिंह
बोले जिम्मेदार
नगर निगम प्रशासन की ओर से शहर में समय-समय पर अतिक्रमण हटाओं अभियान चलाया जाता है। जानपुल चौक पर किए गए अतिक्रमण को खाली कराने के लिए जल्द ही अभियान चलाया जाएगा। साथ ही यहां व्यवसायियों व राहगीरों के पेयजल के लिए भी व्यवस्था कराई जाएगी। आमलोगों सहित व्यवसायियों को जाम से निजात दिलाने के लिए जल्द ही अभियान चलाकर अतिक्रमण खाली कराया जाएगा।
- डॉ.लालबाबू प्रसाद, उप महापौर, नगर निगम मोतिहारी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन