धूल-धुएं के बीच खाने-पीने के सामान की दुकानें, लगाम जरूरी
मोतिहारी में फुटपाथी दुकानदार खुले में खाद्य सामग्री बेचकर लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। इन खाद्य सामग्रियों पर गंदगी और धूल के कण जमी हुई हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ता है। प्रशासन ने सख्त कदम उठाने की चेतावनी दी है और जल्द ही अभियान चलाने का आश्वासन दिया है।

मोतिहारी शहरी क्षेत्र में खुले में खाद्य सामग्री की बिक्री कर फुटपाथी दुकानदार लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं। शहर के चौक चौराहे पर बेधड़क खुले में खाद्य सामग्री की बिक्री हो रही है। इन खाद्य सामग्री पर गंदे नाले की कीचड़ पर बैठने वाली मक्खियां भिनभिनाती रहती हैं। तेज रफ्तार सड़क से गुजरने वाले वाहनों से उड़ रहे धूल कण की परत से खाद्य सामग्री सराबोर हो जाती है। न तो खरीदार को खाद्य सामग्रियों की शुद्धता की चिंता होती है और न दुकानदार को। सड़क के किनारे बिक रही इन खाद्य सामग्रियों का स्वाद चख लोग बीमारियों की सौगात लेकर जाने को विवश हैं।
खरीदार खाद्य सामग्रियों पर जमे धूल कण से बेखबर रहते हैं। लेकिन वे नहीं जानते कि इन खाद्य सामग्रियों पर फैले धूल कण से अपने सेहत को बिगाड़ रहे हैं। शहर के बलुआ बाजार,कचहरी चौक,चांदमारी, एमएस कॉलेज रोड,स्टेशन रोड,स्टेशन से मीनाबाजार रोड, जानपुल,ज्ञानबाबू चौक,मीना बाजार,छतौनी चौक,बस स्टैंड सहित अन्य जगह रोड के किनारे खुले में खाद्य सामग्रियों को फुटपाथी दुकानों में ग्राहकों की थाली में बेरोकटोक परोसी जा रही है। ग्राहक भी इससे होने वाले नुकसान के प्रति अनजान बन सेहत के साथ जोखिम उठा रहे हैं। सड़क किनारे खुले में सिंघाड़ा, पकौड़े, जलेबी ही नहीं खाना में चावल, दाल व सब्जी भी परोसा जा रहा है। दुकानदारों के द्वारा इसे ढंक कर रखने की कोई व्यवस्था नहीं दिखती। फुटपाथी खाद्य सामग्री विक्रेता सिर्फ कमाई के चक्कर में लोगों की थाली में खाने के लिए बीमारी परोस रहे हैं। जो विभिन्न संक्रामक रोगों को जन्म दे रहा है। ऐसे खाद्य पदार्थ के खाने से डायरिया,पीलिया जैसे रोग गंभीर रोग का खतरा हो सकता है। इसके अलावा असुरक्षित खानपान से बैक्टेरियल इन्फेक्शन से प्रभावित होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। डॉक्टर भी बाहरी प्रदूषण ,दूषित खानपान से परहेज करने की सलाह देते हैं। फिर भी खुले में बिक रहे खाद्य पदार्थ के सेवन से बचने के लिए ग्राहक सबक नहीं लेते हैं। खुले में खाद्य सामग्री बेचना खाद्य सुरक्षा व मानक अधिनियम 2006 के तहत प्रतिबंधित किया गया है। फिर भी नियमों की अनदेखी करते हुए खुले में खाद्य सामग्री की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। इतना ही नहीं पर्व त्यौहार के दिनों में रंग बिरंगी मिठाईयां भी खुले में बेचने से फुटपाथी दुकानदार बाज नहीं आते।धूल कण पड़े मिठाईयों को बेच लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। शहरी क्षेत्र में खुले में बिक रहे खाद्य सामग्री के गुणवत्ता की जांच के लिए अधिकारी भी तैनात हैं। फिर भी जांच नहीं होती। जब होली ,दिवाली व छठ पर्व पर जांच कराने के लिए आदेश निर्गत होता है। लेकिन जांच में क्या मिला,इस रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं की जाती। इससे खुले में खाद्य सामग्री बेच रहे दुकानदारों का मनोबल ऊंचा बना रहता है। इससे खुले में खाद्य सामग्रियों को बेचने का धंधा थमने का नाम नहीं लेता। इससे खुले में खाद्य सामग्री बेचने का सिलसिला परवान चढ़ा रहता है। शहरी क्षेत्र के गलियों में भी खाद्य पदार्थ बिक्री की छोटे छोटे दुकानें खुली है। यहां भी खाद्य पदार्थ को ढंक कर रखने की दुकानदार जहमत नहीं उठाते। जिसका स्वाद छोटे बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक चखने से परहेज नहीं करते। जबकि खुले में रखे खाद्य पदार्थ को खाना सेहत के लिए काफी खतरनाक साबित हो सकता है।
प्रस्तुति : ध्रुव नारायण सिंह,विनित कुमार
बोले जिम्मेदार
खुले में खाद्य पदार्थ की बिक्री पर अनुमंडल प्रशासन सख्त कदम उठाएगा। खुले में खाद्य पदार्थ बिक्री करते पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खुले में बिक्री के लिए रखे गए खाद्य पदार्थ को धूलकण से प्रदूषित होने की आशंका अधिक रहती है। ऐसे खाद्य पदार्थ के खाने से स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। जल्द ही खुले में खाद्य पदार्थ बिक्री के विरुद्ध अभियान चलाया जाएगा। पकड़े जाने पर प्रशासन सख्त एक्शन लेगा।
- निशांत सिहारा, सदर एसडीओ, मोतिहारी
असुरक्षित खाद्य पदार्थ खाने से फूड पॉइजनिंग के केस सामने आ रहे हैं। बासी या मिलावटी खाद्य पदार्थ के सेवन से टाइफाइड के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अमानक खाद्य पदार्थ खाने से लोगों में डिहाइड्रेशन व डायरिया जैसे रोग से पीड़ित हो रहे हैं। बेहतर स्वास्थ्य के मद्देनजर धूल कण से प्रभावित खाद्य पदार्थ के सेवन से बचें। स्वस्थ रहने के लिए लोगों को इन बातों पर गौर करने की जरूरत है।
- डॉ.हेना चंद्रा, स्त्री रोग विशेषज्ञ, मोतिहारी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन