Mokama JDU candidate Anant Singh arrested major action taken in Dularchand murder case Bihar Assembly elections गिरफ्तार हुए जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह, दुलारचंद यादव हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, Bihar Hindi News - Hindustan
More

गिरफ्तार हुए जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह, दुलारचंद यादव हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मोकामा से जेडीयू प्रत्याशी और पूर्व विधायक अनंत सिंह को उनके दो साथियों के साथ दुलारचंद हत्याकांड में गिरफ्तार कर लिया गया है। गुरुवार को अनंत सिंह और मोकामा सीट से जनसुराज उम्मीदवार के समर्थकों के बीच में हुई झड़प में दुलारचंद यादव की मौत हो गई थी।

Sun, 2 Nov 2025 06:03 AMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share
गिरफ्तार हुए जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह, दुलारचंद यादव हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Anant Singh arrest: मोकामा विधानसभा में हुए दुलारचंद यादव हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई हुई है। इस मामले में पुलिस ने मोकामा से जदयू उम्मीदवार अनंत कुमार सिंह को उनके दो सहयोगियों मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम के साथ बेदना गाँव से चुनाव आचार संहिता के गंभीर उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की टीम पूर्व विधायक को गिरफ्तार करके पटना ला रही है। इस बीच मोकामा में तगड़ी सुरक्षा की व्यवस्था की गई हैं।

पटना जिला कलेक्टर त्यागराजन एस.एम. और पटना के एसएसपी कार्तिकेय ने देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। एसएसपी ने सबूतों और बयानों का हवाला देते हुए घटना से जुड़े एक हत्या के मामले की पुष्टि की। तीन गिरफ्तारियाँ हुई हैं और छापेमारी जारी है। सीआईडी ​​की एक टीम जाँच कर रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम में अंदरूनी और बाहरी घाव मिले हैं, हालाँकि कोई गोली नहीं मिली है।

परिवार के लिए राहत की बात: पीयूष प्रियदर्शी

इसी बीच दुलारचंद के भतीजे और जनसुराज से मुकामा सीट के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी ने इस बड़ी गिरफ्तारी का स्वागत किया है। उन्होंने इसे एक 'अच्छा कदम' बताते हुए अपने परिवार के लिए राहत की खबर कहा। एएनआई से बात करते हुए पीयूष ने कहा, "आज वह (अनंत सिंह) 50 वाहनों के काफिले में घूम रहे थे और चुनाव प्रचार में भी शामिल हुए। जब ​​उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी, तो उन्हें पहले ही गिरफ्तार कर लिया जाना चाहिए था, लेकिन देर आए दुरुस्त आए। अब महत्वपूर्ण यह है कि पुलिस पूरे मामले की जांच कैसे करती है।"

क्या है पूरा मामला?

बिहार में चुनावी सरगर्मी के बीच हुई दुलारचंद यादव की हत्या के बाद राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे थे। ऐसे में बिहार पुलिस की सीआईडी टीम ने इस केस की जांच तेज कर दी है। इससे पहले अनंत सिंह ने इस केस को घुमाने की कोशिश की थी, लेकिन बाद में इस केस में आरोपी बनाए जाने के बाद उनके सरेंडर करने की खबरें सामने आ रही थीं। इसके बाद पटना एसएसपी के साथ बिहार पुलिस की एक टीम उनके घर पहुंची थी।

गुरुवार को जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह और जनसुराज के उम्मीदवार के समर्थकों की झड़प में दुलारचंद यादव की मौत हो गई थी। शुरुआती रिपोर्ट्स में यादव की मौत को गोलियों की वजह से बताया गया था, हालांकि बाद में सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक दुलारचंद यादव कि हत्या किसी वाहन से कुचले जाने की वजह से हुई थी।

बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मोकामा में जनसुराज समर्थक की हत्या के बाद माहौल गर्मा गया है। चुनाव आयोग ने भी इस हत्या को लेकर ऐक्शन लेना शुरू कर दिया था। गौरतलब है कि बिहार में विधानसभा चुनाव दो चरणों में संपन्न होंगे। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा, जबकि दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को संपन्न होगा।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।