मॉडल डेयरी फॉर्म और भैसों के पालन पर जोर, बिहार में सफेद क्रांति का क्या है प्लान
देसी और जर्सी गाय के साथ भैंस को भी डेयरी परिस्थितिकी तंत्र (ईकोसिस्टम) में शामिल करने पर भी ब्लूप्रिंट में चर्चा है। भैंस में निवेश करने वाले पशुपालकों को काफी फायदा होता है। एक भैंस अपने जीवनकाल में 18 से 19 बच्चे देती है। भैंस में एक रुपये के निवेश से 50 से 60 रुपये तक मुनाफा कमाया जा सकता है।

बिहार में सफेद क्रांति का ब्लूप्रिंट बिहार पशु विश्वविद्यालय द्वारा तैयार किया गया है। इसे विश्वविद्यालय के कुलपति और ‘मुर्रा मैन ऑफ इंडिया’ के नाम से ख्यात पशु वैज्ञानिक डॉ.इंद्रजीत सिंह ने तैयार कराया है। ब्लूप्रिंट में राज्य के पशुपालकों को देसी के साथ-साथ जर्सी गाय और भैंस पालन को बढ़ावा देने की सिफारिश की गई है।
रिपोर्ट के अनुसार देसी के साथ-साथ जर्सी गायों के पालन से पशुपालकों के लाभ में काफी इजाफा होगा। अमेरिका और कनाडा में भी होल्स्टीन फ्राइजियन (एचएफ) नस्ल की गाय के साथ जर्सी गाय पालने का सफल प्रयोग हो चुका है। जर्सी गाय का आकार कम होने के कारण इसको पालने का खर्च भी अपेक्षाकृत कम होता है और बीमारियां भी इनमें कम फैलती है।
दो लाख लीटर का फॉर्म हो रहा तैयार
राज्य के पशुपालकों के लिए पटना स्थित संजय गांधी डेयरी प्रौद्योगिकी संस्थान में मॉडल डेयरी फॉर्म, पशु विश्वविद्यालय द्वारा तैयार कराया जा रहा है। यहां देसी गाय के साथ जर्सी गायों को रखा जाएगा। डेयरी फॉर्म की क्षमता 2 लाख लीटर की होगी। यहां गाय के भ्रूण पर वैज्ञानिक प्रयोग भी कर सकेंगे। बिहार में डेयरी खोलने वाले पशुपालकों को यहां प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। पशु विश्वविद्यालय द्वारा डेयरी फॉर्म के लिए राज्य के बाहर से जर्सी गाय मंगायी गई हैं।
राज्य सरकार को भेजेंगे ब्लूप्रिंट
विश्वविद्यालय के कुलपति ने इसके पहले पंजाब के डेयरी विकास का ब्लूप्रिंट भी तैयार कराया था। कुलपति ने बताया कि तैयार किए गए प्रोजेक्ट को सरकार के समक्ष विचार के लिए रखा जाएगा। इस संबंध में चर्चा करने के लिए पूरी योजना के दस्तावेजों के साथ विश्वविद्यालय के कुलपति राज्य के पशुपालन मंत्री, कृषि मंत्री सहित अन्य मंत्रियों व अधिकारियों से मुलाकात कर तैयार ब्लूप्रिंट सौंपेंगे।
भैंस में निवेश से ज्यादा रिटर्न
देसी और जर्सी गाय के साथ भैंस को भी डेयरी परिस्थितिकी तंत्र (ईकोसिस्टम) में शामिल करने पर भी ब्लूप्रिंट में चर्चा है। भैंस में निवेश करने वाले पशुपालकों को काफी फायदा होता है। एक भैंस अपने जीवनकाल में 18 से 19 बच्चे देती है। भैंस में एक रुपये के निवेश से 50 से 60 रुपये तक मुनाफा कमाया जा सकता है। बिहार पशु विश्वविद्यालय पशुपालकों के लिए अच्छी नस्ल की भैंस केंद्रीय भैंस शोध संस्थान हिसार से मंगा रहा है।




साइन इन