Manmohan Singh demise Bihar leaders expressed grief Jitan Ram Manjhi Pappu Yadav RJD JDU BJP Congress मनमोहन सिंह के निधन पर नीतीश ने जताया शोक, तेजस्वी यादव बोले- इतिहास आपका दिवाना रहेगा, Bihar Hindi News - Hindustan
More

मनमोहन सिंह के निधन पर नीतीश ने जताया शोक, तेजस्वी यादव बोले- इतिहास आपका दिवाना रहेगा

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी, गिरिराज सिंह, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, सांसद पप्पू यादव समेत बिहार के कई नेताओं ने शोक जताया है।

Fri, 27 Dec 2024 12:34 AMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
मनमोहन सिंह के निधन पर नीतीश ने जताया शोक, तेजस्वी यादव बोले- इतिहास आपका दिवाना रहेगा

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर बिहार में भी शोक की लहर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक जताते हुए कहा कि मनमोहन एक कुशल राजनेता और अर्थशास्त्री थे। उनके नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिली। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि इतिहास आपको (मनमोहन सिंह) याद ही नहीं करेगा, बल्कि आपका दिवाना रहेगा। केंद्रीय मंत्री सह हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (हम) के सुप्रीमो जीतनराम मांझी ने कहा कि उनके ऐतिहासिक आर्थिक सुधारों को हमेशा याद रखा जाएगा। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने कहा कि आर्थिक क्रांति के नायक के रूप में मनमोहन सिंह को हमेशा याद किया जाएगा। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने कहा कि देश ने एक बेमिसाल प्रधानमंत्री और सर्वश्रेष्ठ अर्थशास्त्री खो दिया। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा समेत अन्य नेताओं ने भी मनमोहन सिंह के निधन पर दुख जताया है।

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने गुरुवार रात 9 बजकर 51 मिनट पर नई दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में आखिरी सांस ली। वे 92 साल के थे। दिल्ली एम्स द्वारा जारी बयान के अनुसार मनमोहन सिंह उम्र संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। गुरुवार को वे अपने आवास पर बेहोश हो गए थे, उन्हें तुरंत एम्स लाया गया था। डॉक्टरों ने इमरजेंसी में उनका उपचार किया लेकिन वे पूर्व पीएम को नहीं बचा सके।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नहीं रहे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, 92 साल की उम्र में AIIMS में निधन

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मनमोहन सिंह एक कुशल अर्थशास्त्री, दूरदर्शी नेता और विनम्र व्यक्ति थे। उन्होंने देश की प्रगति और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में अतुलनीय योगदान दिया। उनके नेतृत्व में भारत ने आर्थिक और सामाजिक क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को छुआ। उनकी सादगी, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव हमारे लिए प्रेरणा स्रोत रहेगा।

लालू-तेजस्वी ने जताया शोक

राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव सहित राजद के अन्य नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। गुरुवार को जारी शोक संदेश में राजद नेताओं ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन से राष्ट्र को अपूर्णीय क्षति हुई है। इन्होंने देश में आर्थिक क्रांति के लिए जो कार्य किया वो अविस्मरणीय है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:उदारीकरण से मनरेगा तक के लिए याद आएंगे मनमोहन सिंह, एम्स पहुंच रहे दिग्गज नेता

राजद की ओर से जारी शोक संदेश में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर दुःख जताने वालों में सांसद डॉ मीसा भारती, पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव, प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय‌ नारायण चौधरी,राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव, डॉ कांति सिंह,राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रो मनोज कुमार झा, राज्यसभा सांसद संजय यादव,राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव , सैयद फैसल अली, बीनू यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, डॉ तनवीर हसन, शिवचंद्र राम, सुरेश पासवान,प्रदेश के प्रधान महासचिव रणविजय साहू , कोषाध्यक्ष मो कामरान,प्रदेश राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव , प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद सहित राजद के अन्य नेता प्रमुखशामिलहैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।