Mangal Pandey BJP seeks details of congress Rahul Gandhi foreign trips funding claims his 54 abroad trips cost 60 crore राहुल गांधी से बीजेपी ने मांगा विदेश यात्रा का हिसाब, मंगल पांडेय का दावा- 54 ट्रिप पर 60 करोड़ खर्च, Bihar Hindi News - Hindustan
More

राहुल गांधी से बीजेपी ने मांगा विदेश यात्रा का हिसाब, मंगल पांडेय का दावा- 54 ट्रिप पर 60 करोड़ खर्च

Rahul Gandhi Foreign Tour: भाजपा नेता मंगल पांडेय ने दावा किया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 54 विदेश यात्राओं पर 60 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। बीजेपी नेता ने राहुल से इस खर्च का स्रोत बताने की मांग की है।

Fri, 15 May 2026 11:26 AMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
राहुल गांधी से बीजेपी ने मांगा विदेश यात्रा का हिसाब, मंगल पांडेय का दावा- 54 ट्रिप पर 60 करोड़ खर्च

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय ने दावा किया है कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी की 54 विदेश यात्राओं पर 60 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं, जिनके स्रोत का उनको खुलासा करना चाहिए। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आम लोगों से तेल की खपत, सोना की खरीद और विदेश यात्रा को कम करने की अपील की आलोचना की थी और कहा था कि ये उपदेश नहीं, बल्कि मोदी सरकार की नाकामी के सबूत हैं। राहुल गांधी द्वारा पीएम मोदी की अपील की आलोचना करने के बाद पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रभारी और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मंगल पांडेय ने कांग्रेस नेता के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाया है और यात्राओं की फंडिंग का खुलासा करने की मांग की है। मंगल पांडेय ने गुरुवार को एक बयान जारी कर कहा कि राहुल गांधी लगभग 22 वर्षों से निर्वाचित जनप्रतिनिधि हैं। इन 22 वर्षों में घोषित और आम लोगों के बीच आई सूचना के अनुसार उन्होंने 54 विदेश यात्राएं की हैं, जिन पर कुल 60 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। राहुल गांधी की अधिकतर विदेश यात्राएं निजी थीं, जिनमें इटली, ब्रिटेन, अमेरिका, सिंगापुर, जर्मनी, वियतनाम, कंबोडिया, बहरीन, मालदीव, कतर, संयुक्त अरब अमीरात आदि शामिल हैं।

मंगल पांडेय ने दावा किया है कि राहुल गांधी की 54 विदेश यात्राओं का कुल खर्च 60 करोड़ रुपये रहा है, जबकि वित्त वर्ष 2013-14 से 2022-23 तक राहुल गांधी की घोषित आय 11 करोड़ रुपये थी। उन्होंने राहुल गांधी से अपनी विदेश यात्राओं पर हुए खर्च के स्रोत की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम लोगों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, एक साल तक सोना की यथासंभव खरीदारी नहीं करने, विदेश यात्राओं से बचने और जहां तक संभव हो घर से काम करने यानी वर्क फ्रॉम होम की अपील की है। उनकी अपील के बाद भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री और सरकारी अफसर अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या घटा रहे हैं। खुद पीएम दो गाड़ी के साथ दिल्ली में निकले थे। बिहार सीएम सम्राट चौधरी ने सीएम के काफिले की गाड़ियों की संख्या 3 कर दी है। रूस और यूक्रेन की लड़ाई के बीच ईरान से अमेरिका और इजरायल के युद्ध ने तेल कीमतों में आग लगा दी है। ऐसे में पीएम मोदी की अपील का मकसद भारत के डॉलर भंडार को संभालना है, जिसका इस्तेमाल कच्चा तेल से लेकर सोना की खरीद में होता है।

पीएम मोदी की अपील के बाद राहुल गांधी ने कहा था कि यह अपनी जिम्मेदारी जनता पर डालने के जैसा है। राहुल ने ट्वीट किया था- ‘मोदी जी ने कल जनता से त्याग मांगे- सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, पेट्रोल कम जलाओ, खाद और खाने का तेल कम करो, मेट्रो में चलो, घर से काम करो। ये उपदेश नहीं - ये नाकामी के सबूत हैं। 12 साल में देश को इस मुक़ाम पर ला दिया है कि जनता को बताना पड़ रहा है- क्या खरीदें, क्या न खरीदें, कहां जाएं, कहां न जाएं। हर बार जिम्मेदारी जनता पर डाल देते हैं ताकि खुद जवाबदेही से बच निकलें। देश चलाना अब Compromised PM के बस की बात नहीं।’

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मेरे स्वागत के लिए गाड़ियां ना लाएं, नित्यानंद राय का बिहार बीजेपी चीफ को खत
ये भी पढ़ें:सम्राट ने सबका काफिला घटाया, सरकारी बैठकें ऑनलाइन भी; मोदी की अपील के बाद फैसला
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।