man caught with gun in patna civil court bomb threat in bhagalpur muzaffarpur court पटना सिविल कोर्ट में गन के साथ पकड़ाए युवक, बिहार के 3 कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, Bihar Hindi News - Hindustan
More

पटना सिविल कोर्ट में गन के साथ पकड़ाए युवक, बिहार के 3 कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

दरअसल बिहार के विभिन्न जिलों के कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। जिसके बाद पटना कोर्ट परिसर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई। एहतियात के तौर पर पुलिस ने यहां जांच-पड़ताल भी की जिसके बाद दो लोगों को पिस्तौल के साथ पकड़ा है।

Wed, 28 Jan 2026 02:08 PMNishant Nandan हिन्दुस्तान टीम, पटना
share
पटना सिविल कोर्ट में गन के साथ पकड़ाए युवक, बिहार के 3 कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी

पटना सिविल कोर्ट में दो युवक पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किए गए हैं। पीरबहोर थाने की पुलिस ने कोर्ट परिसर में जांच के दौरान दोनों युवकों को पकड़ा है। पुलिस गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर रही है। दरअसल बिहार के विभिन्न जिलों के कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। जिसके बाद पटना कोर्ट परिसर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई। एहतियात के तौर पर पुलिस ने यहां जांच-पड़ताल भी की जिसके बाद दो लोगों को पिस्तौल के साथ पकड़ा है।

मुजफ्फरपुर कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी

मुजफ्फरपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस संबंध में हाईकोर्ट को किसी अज्ञात व्यक्ति ने बुधवार को दिन के लगभग 11 बजे ई-मेल भेजा है। इस ई-मेल में दोपहर एक से दो बजे के बीच बम से उड़ाने की डेडलाइन तय बताई गई है। इस ई-मेल के बाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सभी कोर्ट कक्ष,ऑफिस व परिसर खाली कराने का निर्देश दिया। इससे कुछ देर के लिए कोर्ट परिसर में अफरातफरी मच गई। एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बीके लाल ने बताया कि बम से उड़ाने की धमकी के बाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के निर्देश पर अधिवक्ताओं को परिसर खाली करने को कहा गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:Bihar Top: बिहार के कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पटना में मेट्रो सेवा बंद

बम से उड़ाने की धमकी की सूचना पर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र भी कोर्ट परिसर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए सिटी एसपी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई है। बम निरोधक दस्ता, श्वान दस्ता व अन्य विशेषज्ञों की टीम परिसर की जांच कर रही है। पुलिस मुख्यालय व एटीएस के वे संपर्क में है। एसोओपी के तहत परिसर को खाली कराया गया है। राज्य के कई जिलों के कोर्ट में पिछले दिनों इसी तरह की सूचना मिली थी। सभी के कनेक्शन को जोड़ कर जांच की जा रही है। ई-मेल भेजने वाले आईपी की पहचान की जा रही है। बम से उड़ाने की धमकी देने के संदर्भों का पता लगाया जा रहा है।

भागलपुर कोर्ट को भी मिली धमकी

इधर भागलपुर व्यवहार न्यायालय (सिविल कोर्ट) को बम से उड़ाने की मिली धमकी के बाद बुधवार को कचहरी परिसर के अंदर और बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दरअसल, कोर्ट के सरकारी मेल पर बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। असामाजिक तत्वों द्वारा कोर्ट परिसर को निशाना बनाया जा सकता है। इस सूचना के मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमा तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया है।

परिसर में मचा हड़कंप, बढ़ाई गई सुरक्षा

धमकी की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने कोर्ट के चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रही है । न्यायालय के कार्य को तत्काल रोक दिया गया है। मुख्य गेट पर चेकिंग बढ़ा दी गई है और बिना पहचान पत्र के किसी को प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है।

​वकीलों और मुवक्किलों में दहशत

अचानक हुई इस कार्रवाई से कोर्ट में मौजूद वकीलों और मुवक्किलों के बीच अफरा-तफरी का माहौल देखा जा रहा है । हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी के पीछे किसका हाथ है। साइबर सेल की मदद से धमकी भरे संदेश या कॉल के स्रोत को ट्रैक किया जा रहा है।

कोर्ट के चारों तरफ पुलिस की टीम के द्वारा सघन रूप से गश्त किया जा रहा है। अन्य दिनों की अपेक्षा बुधवार को कचहरी चौक के समीप काफी गहमा गहमी देखी जा रही है। कचहरी चौक से मनाली रोड की तरफ जाने वाली सड़क मार्ग पर यातायात पूर्ण रूप से बंद कर दी गई है। सिर्फ निजी गाड़ियों को ही आने-जाने के लिए दिया जा रहा है।

सीवान सिविल कोर्ट को उड़ाने की मिली धमकी

सीवान सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। जिले के एसपी- डीएम को ईमेल भेज कर यह धमकी दी गई है। पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर वकीलों को 12 बजे तक कोर्ट परिसर में जाने पर पांबंदी लगा दी है। पुलिस की टीम ने परिसर में पहुंचकर सर्च अभियान शुरू किया है। एसपी ने बताया कि हर तरह के एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं और मेल भेजने वाले का भी पता लगाया जा रहा है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।