मांगी मजदूरी तो मिली मौत! बिहार में मालिक ने युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी; पसरा मातम
बकाया मजदूरी मांगने पर उसकी हत्या कर दी गई और घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया। मृतक के पड़ोसी इनामुल हसन ने बताया कि पहले परिजनों को दुर्घटना की सूचना दी गई, लेकिन जब वे अस्पताल पहुंचे तो नदीम मृत अवस्था में पड़ा था।

बिहार के मधुबनी जिले में मजदूरी मांगने पर एक जेसीबी चालक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि यहां लौकहा थाना के बनरझूली में बकाया मजदूरी मांगने पर गुस्साए ईंट-भट्ठा मालिक ने जेसीबी चालक मो. नदीम (30) की लोहे के रॉड से मारकर हत्या कर दी। वारदात शुक्रवार रात की है। अंधराठाढ़ी थाने के गिदरगंज निवासी नदीम के पिता मो. नईम के बयान पर पुलिस ने ईंट भट्ठा मालिक अनिल सुराना तथा उसके बेटे गौरव कुमार सहित अन्य को नामजद किया है। फुलपरास के डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि हत्या के आरोपी ईंट-भट्ठा मालिक और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है।
डीएसपी ने बताया कि नदीम भट्ठे पर जेसीबी का चालक था, मजदूरी के 1.10 लाख रुपये उसके बकाए थे। शुक्रवार को भट्ठा मालिक ने रुपये देने के लिए उसे बुलाया था। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर रॉड से हमला कर दिया। नदीम बेहोश होकर गिर गया। उसे लौकही सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेजा गया।
अंधराठाढ़ी प्रखंड के गिदरगंज गांव जेसीबी चालक मो.नदीम (30 वर्ष) की संदिग्ध मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।परिजनों व ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि नदीम जिस ईंट भट्ठा पर काम करता था, वहां उसके करीब 10 महीने की मजदूरी बकाया था। राशि मांगने पर उसकी हत्या कर दी गई और घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया। मृतक के पड़ोसी इनामुल हसन ने बताया कि पहले परिजनों को दुर्घटना की सूचना दी गई, लेकिन जब वे अस्पताल पहुंचे तो नदीम मृत अवस्था में पड़ा था।
वहीं, मोहम्मद अबू समा नजवी ने इसे गंभीर अन्याय बताते हुए सरकार से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। मृतक ईद के बाद ईंट भट्ठा पर काम करने गया था। वह जेसीबी व ट्रैक्टर चलाने का काम करता था और मेहनत से परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि उसके चार छोटे-छोटे बच्चे-दो पुत्र और दो पुत्री-अनाथ हो गए हैं।
मृतक के पिता के आवेदन पर संबंधित थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव जैसे ही गीदरगंज पहुंचा, गांव में एक बार फिर आक्रोश बढ़ गया, जिसे स्थानीय लोगों के समझाने पर शांत कराया गया। परिजन लगातार मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। लौकहा थाना पुलिस पहुंची।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया। हत्या में प्रयुक्त लोहे का रॉड बरामद कर लिया गया है। हालांकि आरोपितों की ओर से कहा जा रहा है कि चालक नदीम की मौत ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से हुई। ट्रैक्टर से एक्सीटेंड हो गया जिसमें चालक जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए लौकही सीएचसी ले गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।




साइन इन