Magahi singer Mamta arrested in cyber fraud has 3 lakh followers on YouTube channel मगही सिंगर ममता साइबर फ्रॉड में गिरफ्तार, यूट्यूब चैनल पर हैं 3 लाख फॉलोवर, Bihar Hindi News - Hindustan
More

मगही सिंगर ममता साइबर फ्रॉड में गिरफ्तार, यूट्यूब चैनल पर हैं 3 लाख फॉलोवर

नवादा जिले से सस्ता लोन देने के नाम पर साइबर ठगी करने के मामले में मगही सिंगर ममता कुमारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ममता के यूट्यूब चैनल पर 3 लाख से ज्यादा फॉलोवर्स हैं।

Thu, 24 July 2025 08:49 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, नवादा
share
मगही सिंगर ममता साइबर फ्रॉड में गिरफ्तार, यूट्यूब चैनल पर हैं 3 लाख फॉलोवर

बिहार के नवादा जिले में साइबर ठगी के आरोप में एक मगही गायिका को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार 23 वर्षीय ममता कुमारी पकरीबरावां थाना क्षेत्र के डुमरावां की रहने वाली है। । वह म्यूजिक ऑफिशियल और शिवांगी फिल्म्स नाम से यूट्यूब चैनल चलाती है। उसके करीब 3 लाख फॉलोवर हैं। फाइनेंस कंपनी से सस्ते लोन दिलाने का झांसा देकर विभिन्न राज्यों के ग्राहकों से लाखों की ऑनलाइन ठगी मामले में उसे गिरफ्तार किया गया। नवादा जिले में पहली बार किसी महिला को साइबर अपराध से जुड़े मामले में पकड़ा गया है।

प्रतिबिंब पोर्टल पर मिले नंबरों की ट्रैकिंग की दौरान तकनीकी सर्विलांस और मानवीय इंटेलिजेंस की मदद से साइबर पुलिस की एसआईटी ने बुधवार को यह कार्रवाई की। आरोपी ममता कुमारी के पास से 2 स्मार्टफोन, 1 पासबुक, 1 आधार कार्ड और 1 कॉपी जिसमें कस्टमर के मोबाइल नंबर आदि डेटा दर्ज हैं, जब्त किया गया है।

ऑनलाइन लोन के नाम पर ठगी

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी द्वारा एक नामी फाइनेंस कंपनी के नाम पर ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी की जा रही थी। कस्टमर डेटा से नंबर लेकर उपभोक्ताओं को कॉल किया जाता था और उन्हें अपने जाल में फंसाया जाता था। इसके बाद उनसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, ईमेल आईडी, फोटो एवं बैंक डिटेल लेकर उन्हें लोन अप्रवूल लेटर भेजा जाता था। विश्वास में आ जाने के बाद ग्राहकों से लोन प्रोसेसिंग फीस के नाम पर रुपये मांगे जाते थे। इसके बाद अन्य मदों के नाम पर रुपयों की ऑनलाइन ठगी की जाती थी।

एनसीआरपी पर दर्ज है शिकायत

आरोपी युवती का मोबाइल नंबर प्रतिबिंब पोर्टल पर सक्रिय था। वहीं उसके खिलाफ नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर भी शिकायत दर्ज है। इधर, युवती के पास से बरामद मोबाइल से भी पुलिस को साइबर ठगी से संबंधित कई साक्ष्य मिले हैं। साथ ही कस्टमर डेटा से मिले मोबाइल नंबरों की भी पुलिस जांच कर रही है। ताकि ठगी के शिकार लोगों की जानकारी लेकर आरोपी के खिलाफ ठोस साक्ष्य जुटाया जा सके।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:खुद का टेलीफोन एक्सचेंज बनाकर देश भर में फ्रॉड, जेडीयू नेता निकला मास्टरमाइंड

साइबर थाने में 22 जुलाई को ममता कुमारी समेत दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। युवती ने भी पूछताछ में एक अन्य आरोपी का नाम बताया है, जो जो कथित तौर पर गिरोह का सरगना बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। सीनियर साइबर डीएसपी ने गुरुवार को बताया कि युवती के खिलाफ कई सबूत मिले हैं। वह मगही गायिका है और यूट्यूब पर उसके तीन लाख से अधिक फॉलोवर हैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।