Maa Sita birthplace Punaura Dham Sitamarhi decorated Janaki temple laying foundation दुल्हन सी सजी सीता जन्मस्थली, जानकी मंदिर के शिलान्यास से पहले रोशनी से जगमग पुनौरा धाम, Bihar Hindi News - Hindustan
More

दुल्हन सी सजी सीता जन्मस्थली, जानकी मंदिर के शिलान्यास से पहले रोशनी से जगमग पुनौरा धाम

मां सीता की जन्मस्थली सीतामढ़ी का पुनौरा धाम, भव्य जानकी मंदिर के शिलान्यास से एक दिन पहले दुल्हन की तरह सजधज कर तैयार हो गया है। गुरुवार शाम को यह स्थली रोशनी से जगमग हो उठी। 

Thu, 7 Aug 2025 09:23 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, सीतामढ़ी
share
दुल्हन सी सजी सीता जन्मस्थली, जानकी मंदिर के शिलान्यास से पहले रोशनी से जगमग पुनौरा धाम

मां सीता की जन्मस्थली दुल्हन की तरह सज गई है। सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में भव्य जानकी मंदिर का शुक्रवार (8 अगस्त) को शिलान्यास होने जा रहा है। इससे पहले गुरुवार शाम को पुनौरा धाम समेत पूरा क्षेत्र रौशनी से जगमग हो उठा। सीता मंदिर के शिलान्यास और भूमि पूजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत देश भर से आने वाले साधु-संत एवं अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में शुक्रवार दोपहर को मां जानकी मंदिर की आधारशिला रखी जाएगी। इसे अयोध्या के राम मंदिर की तर्ज पर बनाया जा रहा है।

इस समारोह को लेकर सीतामढ़ी और जनकपुर (नेपाल) समेत पूरे मिथिलांचल में उत्साह एवं उल्लास का माहौल है। मठ-मंदिरों के अलावा आसपास के घरों में लोगों ने गुरुवार शाम को दीप जलाकर अपनी खुशियां प्रकट कीं।

Punaura Dham Sitamarhi

जानकी जन्मभूमि पर इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए अयोध्याधाम व जनकपुर के अलावा देशभर से साधु-संत यहां पहुंच गए हैं। अयोध्या, काशी, जनकपुर और दक्षिण भारत से आए संतों के साथ जय सियाराम के गगनभेदी उद्घोष से पूरा क्षेत्र भक्तिरस से सराबोर हो गया है। शिलान्यास स्थल पर केवल साधु-संतों को प्रवेश की अनुमति दी गई है।

सीतामढ़ी पुनौरा धामPunaura Dham Sitamarhi

कोलकाता के कारीगरों ने मंदिर को फूलों से सजाया

पश्चिम बंगाल के कोलकता से आए कारीगरों ने मौजूदा मंदिर को फूलों से सजाया है। रंग-बिरंगी रोशनी से पुनौरा धाम क्षेत्र रोशन हो रहा है। इस मौके पर साधु-संतों के अलावा अतिथियों के बैठने के लिए दो जर्मन हैंगर लगाए गए हैं।

Punaura Dham Sitamarhi Punaura Dham Sitamarhi

पुनौराधाम स्थित जानकी जन्मभूमि पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य मंदिर का भूमि पूजन और शिलान्यास शुक्रवार दोपहर बाद 3 बजे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। काशी एवं मिथिला के आचार्यों की देखरेख में शिलान्यास होगा।

(हिन्दुस्तान ब्यूरो, सीतामढ़ी की रिपोर्ट के आधार पर)

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।