लालू के घर में झगड़ा तेज; रोहिणी के पीछे कौन, संजय यादव को कैसे बचाएंगे तेजस्वी?
तेजस्वी यादव के सलाहकार संजय यादव को लेकर लालू यादव के परिवार में ही झगड़ा बढ़ गया है। जब तेज प्रताप यादव परिवार और पार्टी से निकाल दिए गए तो अब रोहिणी आचार्या किसके भरोसे खुलकर सामने आ गई हैं, यह एक सवाल सबके मन में उठ रहा है।

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रथम परिवार यानी लालू यादव और राबड़ी देवी के घर में पार्टी के सांसद और तेजस्वी यादव के सलाहकार संजय यादव को लेकर झगड़ा बढ़ गया है। लालू की लाडली बेटी रोहिणी आचार्या ने गुरुवार को संजय के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। तेजस्वी की यात्रा बस में उनकी सीट पर संजय के बैठने से शुरू हुआ बवाल अभी थमता नहीं दिख नहीं रहा है। रोहिणी ने आज भी सोशल मीडिया पर तीन-चार पोस्ट किए हैं। किडनी ट्रांसप्लांट को स्ट्रेचर पर जाने वाले वीडियो के साथ रोहिणी ने लिखा है कि जो जान हथेली पर रखकर कुर्बानी देते हैं, उनकी लहू में बेखौफी, बेबाकी और खुद्दारी बहती है। उन्होंने कहा कि उनकी कोई राजनीतिक महत्वाकांक्षा नहीं है लेकिन आत्मसम्मान सर्वोपरि है।
संजय यादव का नाम लिए बिना लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव उनको पार्टी और परिवार का ‘जयचंद’ बताते रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में इस बात पर गुणा-गणित चल रहा है कि जब तेज प्रताप यादव को परिवार और पार्टी से निकाल दिया गया तो रोहिणी के पीछे ऐसा कौन आदमी है जिसके भरोसे वो खुलकर संजय यादव के खिलाफ आ गई हैं। माना जाता है कि तेजस्वी का पूरा सिस्टम अब संजय चलाते हैं और विधानसभा चुनाव में टिकट देने-दिलाने की बात तेजस्वी और संजय के बाहर हो नहीं पा रही है। लालू परिवार के कुछ सदस्यों में इसको लेकर बेचैनी है।
रोहिणी आचार्या ने संजय यादव का सिस्टम हिला दिया? तेजस्वी यादव की कुर्सी पर अब दलित नेता बिठाए गए
जिस तरह तेज प्रताप यादव को राबड़ी देवी का लाडला माना जाता है, उसी तरह रोहिणी लालू यादव की सबसे लाडली बेटी मानी जाती हैं। परिवार और पार्टी से निकाले गए तेज प्रताप यादव ने 13 सितंबर को अपने आवास में तेजस्वी के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर से आए बाढ़ पीड़ितों को भोजन कराने का वीडियो पोस्ट किया था। रोहिणी ने उस पोस्ट को शेयर किया था, जबकि तेज प्रताप परिवार से घोषित तौर पर बाहर हैं। तेज प्रताप की संजय यादव से पुरानी अदावत रही है। ऐसे में सबके मन में सवाल उठ रहा है कि रोहिणी के पीछे परिवार से कौन-कौन खड़ा है कि वो तेजस्वी के सबसे भरोसेमंद साथी और नेता संजय यादव की घेराबंदी कर रही हैं।





साइन इन