Lallan Singh called Rahul Gandhi a frog saying he keeps jumping around in politics ललन सिंह ने राहुल गांधी को बताया 'मेंढक'; बोले- राजनीति में इधर-उधर उछलते रहते हैं, Bihar Hindi News - Hindustan
More

ललन सिंह ने राहुल गांधी को बताया 'मेंढक'; बोले- राजनीति में इधर-उधर उछलते रहते हैं

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें राजनीति में ‘मेढक’ की तरह उछलने वाला बताया। उन्होंने कांग्रेस को नीतिविहीन करार दिया और कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने का श्रेय पीएम मोदी को दिया। साथ ही नीतीश कुमार की जमकर प्रशंसा की।

Sat, 24 Jan 2026 10:05 PMsandeep लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
ललन सिंह ने राहुल गांधी को बताया 'मेंढक'; बोले- राजनीति में इधर-उधर उछलते रहते हैं

केंद्रीय पंचायती राज एवं पशुपालन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी की राजनीति की तुलना ‘मेढक’ से करते हुए कहा कि वे राजनीति में इधर-उधर उछलते रहते हैं और किसी एक विचारधारा पर टिक नहीं पाते। ललन सिंह यह बयान जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती के अवसर पर बेलछी में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए दिया। इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री श्रवण कुमार भी मौजूद थे।

ललन सिंह ने कांग्रेस पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश और जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता पूरी तरह खो चुकी है। पार्टी में अब न तो कोई ठोस नीति बची है और न ही सिद्धांत। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल अवसरवादी राजनीति कर रही है, जिसका खामियाजा उसे लगातार चुनावों में भुगतना पड़ रहा है। वहीं अपने जन्मदिन पर पीएम मोदी द्वारा भेजे गए शुभकामना संदेश के लिए ललन सिंह ने आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दोनों ही उनके लिए राजनीति में प्रेरणास्रोत रहे हैं। उन्होंने इसे अपना सौभाग्य बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के साथ काम करने का अवसर मिला।

केंद्रीय मंत्री ने जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने का श्रेय भी पीएम मोदी को दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और पिछड़ों की लड़ाई लड़ने वाले कर्पूरी ठाकुर को यह सम्मान पहले भी मिलना चाहिए था, लेकिन लालू यादव ने कभी इसके लिए पहल नहीं की। उन्होने इस ऐतिहासिक भूल को सुधारा। ललन सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा जननायक कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों और पदचिह्नों पर चलने का प्रयास किया है। उन्होंने सीएम नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि 2005 में सत्ता संभालने के बाद वे ‘हीरे की तरह चमके’ और उनकी चमक पूरे बिहार में फैल गई।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।