Khan Sir vs Raushan Sir: अब खान सर पुलिस के लपेटे में, 2 गार्ड अरेस्ट; रौशन सर की रिहाई के लिए प्रदर्शन Khan Sir Raushan Sir clash case latest news updates Gyan Bindu coaching rivalry bodyguards arrested firing - bihar news
More
Hindi NewsबिहारKhan Sir vs Raushan Sir: अब खान सर पुलिस के लपेटे में, 2 गार्ड अरेस्ट; रौशन सर की रिहाई के लिए प्रदर्शन

Khan Sir vs Raushan Sir: अब खान सर पुलिस के लपेटे में, 2 गार्ड अरेस्ट; रौशन सर की रिहाई के लिए प्रदर्शन

Khan Sir vs Raushan Sir News: खान सर के कोचिंग पर कथित हमले के आरोप में जेल भेजे गए रौशन आनंद के समर्थन में उनके कोचिंग ज्ञान बिंदु के स्टूडेंट्स बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरे और कारगिल चौक पर प्रदर्शन किया।

Khan Sir vs Raushan Sir: अब खान सर पुलिस के लपेटे में, 2 गार्ड अरेस्ट; रौशन सर की रिहाई के लिए प्रदर्शन

खान सर के विरोध में पटना के करगिल चौक पर प्रदर्शन करते कोचिंग स्टूडेंट्स, रौशन आनंद की रिहाई की मांग

Jayesh Jetawat| लाइव हिन्दुस्तान,पटना | Fri, 05 Jun 2026 02:09 PM
हमें फॉलो करें

Khan Sir vs Raushan Sir News: बिहार की राजधानी पटना में दो कोचिंग संस्थानों की लड़ाई आज सड़क पर उतर आई। खान सर के कोचिंग पर कथित हमले के आरोप में जेल में बंद रौशन आनंद सर के कोचिंग ज्ञान बिंदु के स्टूडेंट्स ने गुरुवार को पटना में प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए छात्र-छात्रा कारगिल चौक पहुंचे और वहां कुछ देर जाम लगाया। इससे पहले फायरिंग के एक वीडियो में गोली चलाते दिखे खान सर के दो गार्ड को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने खान सर से भी पूछताछ की है। रौशन आनंद के कोचिंग ने इस वीडियो को दिखाकर दावा किया था कि गोली खान सर ने ही चलवाई और रौशन सर को फंसाकर जेल भेज दिया। मंगलवार की रात को जब खान सर के कोचिंग पर बवाल हुआ था, तब खान सर ने कहा था कि गई राउंड फायरिंग हुई है। बुधवार की सुबह हालांकि उन्होंने अपने ही बयान से यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि सुरक्षा गार्ड ने जो बताया था, वही उन्होंने कहा था।

सारा झगड़ा बिहार पुलिस की सिपाही भर्ती में पास कैंडिडेट को लेकर क्रेडिट का है। कुछ स्टूडेंट्स दोनों कोचिंग की दावा सूची में थे। इसे गुरु रहमान ने एक तरह का खरीद-फरोख्त कहा है, जो पास कैंडिडेट का नाम अपनी लिस्ट में रखने के लिए किया जाता है। एक कोचिंग में पास कैंडिडेट के लिए आयोजित समारोह में ऐसे कैंडिडेट के जाने के बाद यह विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद कोचिंग पर हमला और फायरिंग जैसे आरोप लगे। ज्ञान बिंदु के मालिक रौशन आनंद और उनके कुछ सहयोगी बेऊर जेल में बंद हैं। ज्ञान बिंदु की ओर से खान सर के गार्ड द्वारा फायरिंग करने का वीडियो जारी करने के बाद पुलिस ने दो गार्ड को उठा लिया। खान सर से भी पूछताछ हुई है और अब गिरफ्तारी की तलवार उन पर भी लटक रही है।

4 Jun 2026, 08:29:43 PM IST

Patna Students Protest Photo Videos: खान सर के खिलाफ स्टूडेंट्स प्रदर्शन के फोटो-वीडियो

Khan Sir Protest Patna: पटना में कोचिंग शिक्षक खान सर के विरोध में आज स्टूडेंट्स का बड़ा प्रदर्शन हुआ। स्टूडेंट्स खान सर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कारगिल चौक पर जुटे और ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद की रिहाई की मांग करने लगे। सैकड़ों की संख्या में कोचिंग छात्र और छात्राओं ने करगिल चौक को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया। वाहनों की लंबी कतार भी लग गई। बाद में पुलिस ने समझाइश कर प्रदर्शन खत्म कराया।

पटना में खान सर के खिलाफ स्टूडेंट्स प्रदर्शन के फोटो और वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें

4 Jun 2026, 07:58:52 PM IST

Khan Sir Firing Video: खान सर के कहने पर गार्ड ने की थी फायरिंग, ज्ञान बिंदु कोचिंग का दावा

Khan Sir Firing Video: पटना में खान सर के बॉडीगार्ड द्वारा फायरिंग का वीडियो जारी करते हुए रौशन आनंद की ज्ञान बिंदु कोचिंग ने बड़ा दावा भी किया। ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के सदस्यों ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि खान सर के कहने पर ही उनके बॉडीगार्ड ने फायरिंग की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि खान सर ने जानबूझकर फायरिंग की मनगढ़ंत कहानी रची। पहले उन्होंने दावा किया कि 7-8 राउंड गोलीबारी होते देखा, फिर मुकर गए। अब उनके वीडियो सामने आया है जिसमें खान सर के गार्ड ही गोली चलाते दिख रहे हैं। इससे साफ होता है कि कौन झूठा माहौल बनाने की कोशिश कर रहा था।

4 Jun 2026, 07:39:37 PM IST

Coaching Students Protest Against Khan Sir: पटना में कोचिंग स्टूडेंट्स का प्रदर्शन खत्म, पुलिस ने समझाकर वापस भेजा

Coaching Students Protest Against Khan Sir: पटना में कोचिंग शिक्षक खान सर के विरोध में स्टूडेंट्स का प्रदर्शन खत्म हो गया है। छात्र-छात्राएं करगिल चौक से निकल गए हैं। पुलिस ने उन्हें समझाकर वापस भेज दिया है। प्रदर्शन करने वाले स्टूडेंट्स ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद को जेल से रिहा करने की मांग कर रहे थे। रौशन सर को खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए बवाल के मामले में कल गिरफ्तार किया गया था।

आज शाम बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं रौशन सर के ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के बाहर जमा हो गए। इसके बाद मार्च निकालते हुए वे करगिल चौक पहुंचे और जाम लगा दिया। कोचिंग स्टूडेंट्स ने खान सर के विरोध में जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्राएं भी शामिल रहीं। उन्होंने रौशन सर को निर्दोष बताते हुए तुरंत रिहा करने की मांग की।

4 Jun 2026, 07:30:53 PM IST

Khan Sir vs Raushan Sir Patna Police: खान सर और रौशन आनंद विवाद में नया मोड़, पटना पुलिस की जांच पर उठ रहे सवाल

Khan Sir vs Raushan Sir Patna Police: पटना में दो प्रमुख कोचिंग शिक्षक फैजल खान और रौशन आनंद के विवाद में आज नया मोड़ आ गया। ज्ञान बिंदु एकेडमी की ओर से फायरिंग का वीडियो जारी किए जाने के बाद पटना पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे। मंगलवार देर रात को जब कोचिंग सेंटर पर बवाल हुआ था, तब खान सर ने रौशन सर के समर्थकों पर फायरिंग का आरोप लगाया था। पुलिस ने जांच की तो फायरिंग की बात से इनकार कर दिया, कहा- सिर्फ तोड़फोड़, पथराव और मारपीट हुई है।

अगले दिन बुधवार को खान सर ने भी अपना बयान पलट दिया। उन्होंने कहा कि फायरिंग नहीं हुई थी। उनके कोचिंग सेंटर के बाहर हुए बवाल में पुलिस ने ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद को गिरफ्तार कर लिया। अब आज खान सर के दो बॉडीगार्ड का फायरिंग करते हुए वीडियो सामने आया, तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस खान सर के कोचिंग सेंटर पहुंची, दोनों गार्ड को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

यह वीडियो मंगलवार रात का ही है जब बवाल हुआ था। खान सर के दोनों गार्ड ने स्वीकार किया है कि बचाव के लिए उन्होंने हवा में गोलियां चलाई थीं। अब रौशन सर के समर्थक सवाल उठा रहे हैं कि क्या पटना पुलिस ने जानबूझकर पहले फायरिंग वाली बात को दबा दिया। फिर वीडियो आने के बाद झटपट कार्रवाई कर दी। इस केस में खान सर की गिरफ्तारी नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

4 Jun 2026, 07:15:03 PM IST

Khan Sir Coaching Firing: खान सर कोचिंग सेंटर फायरिंग में पटना पुलिस ने नई FIR दर्ज की

Khan Sir Coaching Firing: खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर मंगलवार रात हुई फायरिंग के मामले में पटना के कदमकुआं थाने में अलग से एफआईआर दर्ज की गई है। ज्ञान बिंदु एकेडमी की ओर से खान सर के दो गार्ड का फायरिंग करते वीडियो जारी किया गया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों को आज गिरफ्तार कर लिया। ये गार्ड खान सर के खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर से जुड़े हुए हैं।

पटना पुलिस ने आज जारी बयान में कहा कि जांच के दौरान फायरिंग का जो वीडियो मिला, उसका सत्यापन किया गया। जांच में सही पाए जाने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई और खान सर के दो गार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वीडियो में जो हथियार दिख रहे हैं उन्हें पुलिस ने जब्त कर जांच के लिए भेज दिया है।

4 Jun 2026, 06:57:28 PM IST

Coaching Students Protest Against Khan Sir: खान सर के विरोध में कोचिंग स्टूडेंट्स का बड़ा प्रदर्शन

Coaching Students Protest Against Khan Sir: पटना में कोचिंग वॉर पर बवाल बढ़ता जा रहा है। खान सर के विरोध में बड़ी संख्या में कोचिंग स्टूडेंट्स प्रदर्शन कर रहे हैं। ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद के समर्थक ने करगिल चौक को जाम कर दिया है।

बड़ी संख्या में छात्राएं भी प्रदर्शन में मौजूद हैं। उनके हाथ में पोस्टर और तख्तियां हैं, जिनमें रौशन सर को जेल से रिहा करने की मांग की जा रही है। छात्र-छात्राओं का कहना है कि रौशन आनंद निर्दोष हैं, उन्हें खान सर के द्वारा फंसाया गया है।

फिलहाल इस मामले पर पटना का माहौल गर्माया हुआ है। करगिल चौक के आसपास जाम की स्थिति बन गई है, जिससे वाहन चालकों को भी परेशानी का सामने करना पड़ रहा है।

4 Jun 2026, 06:37:57 PM IST

Khan Sir vs Raushan Sir LIVE: पुलिस की तारीफ करते नहीं थक रहे थे खान सर, अब खुद फंस गए

Khan Sir vs Raushan Sir LIVE: अपने कोचिंग सेंटर पर बवाल में पटना पुलिस के फास्ट ऐक्शन की तारीफ करने वाले खान सर अब खुद फंसते नजर आ रहे हैं। खान सर का एक ऑडियो कल सामने आया था, इसमें वह पटना पुलिस की कार्रवाई से गदगद नजर आ रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आधी रात में जिस तरह ऐक्शन लिया, वैसा फिल्मों में ही देखने को मिलता है। उन्होंने पुलिस को 10 में से 10 नंबर भी दिए थे।

हालांकि, अब खान सर खुद इस मामले में फंसते नजर आ रहे हैं। खान सर ने पहले विरोधी गुट पर गोलीबारी का आरोप लगाया था, बाद में अपने बयान से पलट गए और बोले कि फायरिंग नहीं हुई। आज प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु ने फायरिंग का वीडियो जारी कर दिया, जिसमें खान सर के दो बॉडीगार्ड गोली चलाते हुए नजर आए। पुलिस ने दोनों बॉडीगार्ड को गिरफ्तार कर दिया। खान सर से भी पूछताछ की, अब उनकी गिरफ्तारी की आशंका ताई जा रही है। वहीं, ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद को पुलिस ने कल ही अरेस्ट कर लिया था।

4 Jun 2026, 06:16:23 PM IST

Khan Sir vs Raushan Sir LIVE: यूपी के रहने वाले हैं खान सर के गार्ड, राइफल को FSL के पास भेजा गया

Khan Sir vs Raushan Sir LIVE: पटना पुलिस ने खान सर के जिन दो गार्ड को गिरफ्तार किया है, वे उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। एक का नाम प्रदीप कुमार और दूसरे का तालेश्वर प्रसाद बताया जा रहा है। प्रदीप मैनपुर का, तो तालेश्वर कासगंज का रहने वाला है। दोनों की मॉडिफाइड राइफल को बरामद कर पुलिस ने जब्त कर लिया, उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल के पास भेजा गया है।

4 Jun 2026, 06:12:35 PM IST

Khan Sir Raushan Sir Case LIVE: रौशन सर के समर्थक सड़क पर उतरे

Khan Sir Raushan Sir Case LIVE: खान सर के कोचिंग सेंटर पर तोड़फोड़, पथराव और गार्ड से मारपीट के मामले में पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत 3 लोगों को कल गिरफ्तार कर लिया था। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में जेल में हैं। ज्ञान बिंदु एकेडमी के बाहर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं जमा हो गए हैं। सभी रौशन सर को निर्दोष बताते हुए उनकी रिहाई की मांग कर रहे हैं। इससे पटना के मुसल्लहपुर हाट में माहौल गर्माया हुआ है।

4 Jun 2026, 06:08:56 PM IST

Khan Sir Raushan Sir Case LIVE: अब खान सर पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार

Khan Sir Raushan Sir Case LIVE: बॉडीगार्ड द्वारा फायरिंग करने का वीडियो सामने आने के बाद खान सर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन पर अब गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। उनके दोनों बॉडीगार्ड को गिरफ्तार करने के बाद पटना पुलिस ने खान सर से भी पूछताछ की। गार्ड ने फायरिंग की बात भी कबूल ली है, उनके हथियार जब्त कर लिए गए हैं। गोलीबारी का वीडियो रौशन सर के ज्ञान बिंदु कोचिंग द्वारा जारी किया गया था।

4 Jun 2026, 06:04:59 PM IST

Khan Sir Raushan Sir Case LIVE: खान सर के बॉडीगार्ड ने फायरिंग की बात कबूली

Khan Sir Raushan Sir Case LIVE: खान सर के दोनों बॉडीगार्ड ने पुलिस पूछताछ में फायरिंग करने की बात कबूल की है। दोनों ने कहा कि मंगलवार रात को कोचिंग सेंटर पर हुए पथराव के बाद बचाव में उन्होंने गोली चलाई थी। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों को कल सुबह कोर्ट में पेश किया जाएगा। फिलहाल उन्हें पुलिस हिरासत में रखा गया है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।