केसी त्यागी ने नीतीश कुमार के लिए कर दी भारतरत्न की मांग, प्रधानमंत्री मोदी को लिखा पत्र
जेडीयू के सीनियर नेता केसी त्यागी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए भारतरत्न की मांग की है। उन्होंने पीएम मोदी को पत्र लिखकर नीतीश कुमार को समाजवादी आंदोलन का अनमोल रत्न बताया है और कहा कि करोड़ों जनमानस की इच्छा उन्होंने जताई है।

जेडीयू के सीनियर नेता केसी त्यागी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए भारतरत्न की मांग कर दी है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। त्यागी ने अपने पत्र में लिखा, समाजवादी आंदोलन के बचे हुए अनमोल रत्न नीतीश कुमार इस सम्मान के योग्य हैं।
केसी त्यागी ने अपने पत्र में लिखा, 30 मार्च 2024 को हमारे पुरखों के सम्मान का दिन है। आपके प्रयासों से उन्हें भारत रत्न के सर्वोच्च सम्मान से अलंकृत किया गया था। स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह एवं स्व. कर्पूरी ठाकुर के द्वारा किए गए जनहित एवं कृषक, हाशियों पर गए लोगों को संगठित कर उन्हें सम्मान दिलाने का सार्थक प्रयास किया गया था।
उन्होंने आगे लिखा, आपके इन्हीं प्रयासों से अभिभूत होकर निवेदन है कि समाजवादी आंदोलन के बचे हुए अनमोल रत्न श्री नीतीश कुमार भी इस सम्मन के योग्य हैं। पहले भी जीवित रहते हुए कई नायकों को यह सम्मान मिल चुका है। करोड़ों जनमानस की ओर से मैं आपसे निवेदन करता हूं कि प्रिय नेता श्री नीतीश कुमार को इस सम्मान से नवाजा जाए ताकि इतिहास आपके प्रयासों को देर तक सराहता रहे।
आपको बता दें कि 2025 में नीतीश कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। उनके पास सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड है। जहां तक भारत रत्न की बात है, विरले ही जीवित व्यक्तियों को इस सम्मान से नवाजा गया है। प्रधानमंत्री भारत रत्न सम्मान के लिए राष्ट्रपति से सिफारिश करते हैं। अभी पिछले ही साल किसान नेता और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से नवाजा गया था।
यह देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। 1954 में भारत रत्न देने की शुरुआत हुई थी और उस सा सी राजगोपालाचारी, एस राधाकृष्णन और सीवी रमन को यह सम्मान दिया गया था। बीजेपी के पूर्व दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी को जीवित रहते भारत रत्न दिया गया है। इसमें राष्ट्रपति द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाणपत्र के साथ तमगा दिया जाता है।




साइन इन