जहानाबाद की छात्रा से पटना के हॉस्टल में हुई थी दरिंदगी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या खुलासा?
पटना के गर्ल्स हॉस्टल में नीट छात्रा की मौत मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बड़ा खुलासा हुआ है। जहानाबाद की छात्रा के साथ दरिंदगी हुई थी। उसमें रेप की बात से इनकार नहीं किया गया है।

बिहार की राजधानी पटना के चित्रगुप्त नगर स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली जहानाबाद की नीट छात्रा के साथ दरिंदगी हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इसका खुलासा हुआ। उसके शरीर पर कई जगह जख्म के गहरे निशान मिले हैं। नशे की सूई देने की बात भी कही जा रही है। इस बीच, सबूत मिटाने के आरोप में हॉस्टल मालिक मनीष कुमार रंजन को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, हॉस्टल संचालकों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने भी माना कि लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। एएसपी सदर-1 अभिनव ने बताया कि मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट को अंतिम निष्कर्ष के लिए एम्स के डॉक्टरों के पास भेजा है। छात्रा की मौत के पांचवें दिन यानी गुरुवार को मेडिकल बोर्ड की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को मिली।
रिपोर्ट में परिजन के आरोप सही साबित होते दिख रहे हैं। जहानाबाद के शुकराबाद थाना क्षेत्र की 18 वर्षीय छात्रा मुन्नाचक के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। हॉस्टल के कमरे में 6 जनवरी को बेहोश मिलने के बाद उसे कंकड़बाग के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तबीयत बिगड़ने पर उसे दूसरे अस्पताल में ले जाया गया था। जहां रविवार को उसकी मौत हुई थी।
एम्स को भेजी गई पोस्टमार्टम रिपोर्ट
एएसपी सदर-1 अभिनव कुमार ने शुक्रवार को कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मेडिकल बोर्ड ने यौन हिंसा की आशंका से इनकार नहीं किया है। छात्रा के कंधे पर और सिर के पीछे जख्म के निशान हैं। शरीर में कई जगह नाखून से खरोंचे जाने के निशान मिले हैं। अंतिम निष्कर्ष के लिए रिपोर्ट को एम्स भेजा गया है।




साइन इन