पॉलिटिकल इन्जेक्शन पड़ा तो आपने किया आह, जनता बोली वाह; तेजस्वी पर JDU के नीरज का प्रहार
जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने तेजस्वी यादव पर हमला किया है।

जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव पर जोरदार हमला किया है। कहा है कि नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी ने मिलकर ऐसा मास्टरस्ट्रोक खेल दिया है कि आरजेडी समेत पूरे विपक्ष में खलबली मची है। तेजस्वी यादव हार की घबराहट में बोल रहे हैं कि जदयू खत्म हो जाएगा। उन्हें याद होना चाहिए कि जेडीयू के उनसे ज्यादा सांसद हैं और केंद्र सरकार को हमारा समर्थन भी है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने भी लालू के छोटे लाल के बयान पर तंज कसा है।
शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने नीतीश कुमार के सहयोग से जैसे ही रिमोट का बटन दबाया कि बिहार की 75 लाख महिलाओं के बैंक खाते में दस-दस हजार की राशि चली गई। चुनाव से ठीक पहले आधी आवादी को सरकार के उपहार पर सियासत गर्म हो गई। तेजस्वी यादव और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने तंज कस दिया कि चुनाव के पहले दे दिया है, चुनाव बाद मोदी जी वसूल लेंगे। इस पर बीजेपी और जेडीयू के तेवर तल्ख हो गए हैं।
जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव को लपेट लिया। कहा, " तेजस्वी यादव ने दावा किया कि जनता दल यू तीसरे नंबर की पार्टी है। आज उनसे ज्यादा हमारे सांसद हैं। केंद्र सरकार को हमारा समर्थन हासिल है। नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार दो भाई के रूप में हैं। इससे बेचैनी बढ़ गई है। यह किस ज्योतिष ने बताया है कि जनता दल यू का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा उसका मोबाइल नंबर, पता और ईमेल सार्वजनिक करिए या उसके साइलेंट पार्टनर बन जाइए कि चुनावी मौसम में कुछ आर्थिक लाभ भी मिलेगा। नीतीश कुमार ऐसा मास्टरस्ट्रोक मारते हैं कि जब पॉलिटिकल इन्जेक्शन पड़ा तो आपने किया आह और जनता बोली वाह।"
वहीं बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि विपक्ष हताशा में आ गया है। महागठबंधन के नेताओं को लग गया है कि 2025 के चुनाव में हार निश्चित है तो कुछ कुछ बोल रहे हैं। अभी तो 10 हजार ही गया है, दो-दो लाख भी जाएगा। उसके बाद विपक्ष के साथियों को पता चलेगा कि वे कितना पीछे छूट गए।




साइन इन