India will not tolerate national anthem insult uproar over Nitish Kumar video in Assembly राष्ट्रगान का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान; नीतीश के वीडियो पर बवाल, 8 मिनट में विधानसभा स्थगित, Bihar Hindi News - Hindustan
More

राष्ट्रगान का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान; नीतीश के वीडियो पर बवाल, 8 मिनट में विधानसभा स्थगित

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के वायरल वीडियो पर बिहार विधानसभा में शुक्रवार को जमकर बवाल हुआ। आरजेडी ने राष्ट्रगान का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान के नारे लगाते हुए सदन में भारी हंगामा किया।

Fri, 21 March 2025 11:52 AMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, पटना
share
राष्ट्रगान का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान; नीतीश के वीडियो पर बवाल, 8 मिनट में विधानसभा स्थगित

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाकर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) समेत अन्य विपक्षी दलों ने शुक्रवार को बिहार विधानसभा में जमकर हंगामा किया। सुबह 11 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश के वीडियो पर निशाना साधते हुए कार्य स्थगन का प्रस्ताव पेश कर दिया। उन्होंने कहा, 'राष्ट्रगान का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान'। इसके बाद विपक्षी विधायक वेल में उतरकर हंगामा करने लगे। इस दौरान कुछ विधायक रिपोर्टर टेबल पर भी चढ़ गए। स्पीकर ने दोपहर दो बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। पहली पाली में सदन की कार्यवाही मात्र 8 मिनट चली।

सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी विधायकों ने विधानसभा पोर्टिको में भी सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। तेजस्वी यादव समेत अन्य विपक्षी सदस्य हाथों में पोस्टर लेकर विधानसभा पहुंचे।

इससे पहले, आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी ने सोशल मीडिया पर गुरुवार को सीएम नीतीश का एक वीडियो शेयर किया था। इसमें मुख्यमंत्री एक कार्यक्रम में राष्ट्रगान के दौरान हिलते-डुलते, हंसते और हाथ जोड़ते हुए दिख रहे हैं। अब इस वीडियो पर विधानसभा में हंगामा हो गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राष्ट्रगान का अपमान मत करिए; जन गण मन के बीच नीतीश के हंसने पर RJD का हमला

'देश की 140 करोड़ जनता से माफी मांगें नीतीश'

तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमसे उम्र में बड़े हैं। हम उनका सम्मान करते हैं। लेकिन, जिस तरह हमारे सीएम ने राष्ट्रगान का अपमान किया है, बिहारी होने के नाते हम शर्मिंदा हैं। नीतीश ने बिहारियों का माथा शर्म से झुकाने का काम किया। देश के इतिहास में पहली बार किसी राज्य के सीएम को राष्ट्रगान का अपमान करते हुए देखा है। नीतीश कुमार को देश की 140 करोड़ जनता से माफी मांगनी चाहिए।

विधान परिषद भी 10 मिनट में स्थगित

बिहार विधान परिषद की कार्यवाही शुरू होने के 10 मिनट के अंदर स्थगित कर दी गई। परिषद में विपक्ष के सदस्यों द्वारा खेल कार्यक्रम में सीएम नीतीश द्वारा राष्ट्रगान का अपमान किए जाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। राजद के एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने शुक्रवार को सदन में कार्यस्थगन प्रस्ताव पेश किया। जिसे सभापति अवधेश नारायण सिंह ने नियम विरुद्ध बताकर अस्वीकृत कर दिया।

इसके बावजूद विपक्ष के सदस्यों ने शोर और नारेबाजी शुरू कर दी। परिषद में नेता विपक्ष राबड़ी देवी ने राष्ट्रगान के अपमान को देश का अपमान बताया। इस पर सभापति ने कहा कि यह बोलकर बिहार का अपमान किया जा रहा है। कोई भी इस संबंध में बात कार्यवाही में दर्ज नहीं होगी। वहीं, जदयू के नीरज कुमार ने भी विपक्ष के सदस्यों का विरोध किया। शोर के बीच ही औपचारिक कार्य निबटाए गए और सदन की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।