नीतीश कुमार उपराष्ट्रपति बनें तो बिहार के लिए शुभ, बीजेपी विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल बोले
हरिभूषण ठाकुर बचौल ने कहा है कि अगर नीतीश कुमार उपराष्ट्रपति बनते हैँ तो इससे अच्छी बात और क्या हो सकती है। बिहार के लिए भी यह शुभ होगा।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद राजनीतिक गलियारे में कयास लगाए जा रहे हैं कि बिहार सीएम नीतीश कुमार को उपराष्ट्रपति बनाया जा सकता है। इस पर भाजपा विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने कहा है कि अगर नीतीश कुमार उपराष्ट्रपति बनते हैँ तो इससे अच्छी बात और क्या हो सकती है। बिहार के लिए भी यह शुभ होगा। विधानसभा के मानसून सत्र में भाग लेने पहुंचे बीजेपी विधायक ने विस परिसर में मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान अपनी राय रखी।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार को अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया। स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर उन्हें अपना पद छोड़ने का ऐलान किया। उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को सौंपे अपने इस्तीफे में प्रधानमंत्री, मंत्रि परिषद और सभी सांसदों के सहयोग के लिए आभार प्रकट किया है। उप राष्ट्रपति जो राज्यसभा के सभापति भी हैं, मानसून सत्र के पहले दिन राज्यसभा में मौजूद रहे।
इस इस्तीफे के बाद सियासी गलियारे में चर्चा है कि नीतीश कुमार को उपराष्ट्रपति बनाने के लिए व्यवस्था बनाई जा रही है। हालांकि इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। इसी मामले को लेकर पत्रकार के सवाल पर विधायक बचौल ने कहा कि बिहार सीएम उपराष्ट्रपति बनाए जाते हैं तो बहुत अच्छी बात होगी। यह बिहार के लिए शुभ है। हालांकि विपक्ष ने इस पर तंज कसा है। विपक्षी दलों को कहाना है कि नीतीश कुमार को साइड करने की रणनीति पर बीजेपी काम कर रही है। उनके नाम पर चुनाव लड़ा जाएगा लेकिन सीएम पर नीतीश कुमार को नहीं दिया जाए, इस स्ट्रैटजी पर बीजेपी काम कर रही है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का ट्वीट भी सामने आया है।
धनखड़ उपराष्ट्रपति बनने से पूर्व पश्चिम बंगाल में राज्यपाल थे। अगस्त 2022 में उन्हें उपराष्ट्रपति बनाया गया था। उनका कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक बचा हुआ था। ऐसे में अचानक उनके इस्तीफे पर सवाल उठ रहे हैं। यह अटकलें लग रही हैं कि कहीं न कहीं शीर्ष नेतृत्व से उनका कोई टकराव चल रहा था जिसके चलते उनके पास इस्तीफा देने के अलावा कोई विकल्प शेष नहीं बचा था।




साइन इन