house fall embankment broken after water level ganga river increased patna nalanda munger Bihar Flood: पानी में गिरे घर, सड़क पर आई बाढ़; गंगा में उफान से बिहार के कई जिलों में आफत, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Bihar Flood: पानी में गिरे घर, सड़क पर आई बाढ़; गंगा में उफान से बिहार के कई जिलों में आफत

Bihar Flood: नालंदा जिला के गुलड़िया बिगहा के पास महात्माइन नदी का तटबंध टूटने से दनियावां प्रखंड की सिगरियावां पंचायत के गोपाल टोला मुसहरी पूरी तरह बाढ़ के पानी में डूब गया है। पांच अनुसूचित जाति के पांच मिट्टी के घर पानी में गिर गए हैं

Mon, 21 July 2025 07:39 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान, बक्सर
share
Bihar Flood: पानी में गिरे घर, सड़क पर आई बाढ़; गंगा में उफान से बिहार के कई जिलों में आफत

बिहार के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से मानसून की बारिश हो रही है। बक्सर जिले में गंगा के तटवर्ती इलाके में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। दियारा के गांवों के समीप बाढ़ का पानी पहुंच चुका है। रामदास राय डेरा जाने वाली सड़क पर पानी अधिक होने से आवागमन बंद कर दिया गया। बेगूसराय के बलिया में बाढ़ का पानी लखमिनिया-मसूदनपुर पथ के चेचियाही ढाब की सड़क पर फैल जाने से क्षेत्र के लोगों की परेशानी बढ़ गयी है। नालंदा के करायपरसुराय और हिलसा के पश्चिम इलाके के कई गांवों में अब भी बाढ़ का पानी घुसा हुआ है। कटिहार में मनिहारी की कई पंचायतों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।

दरधा और धोबा नदी का जलस्तर बढ़ने से दनियावां और फतुहा के कई गांवों में पानी घुस गया है। दनियावां प्रखंड के महात्माइन नदी में आए उफान से दूसरे दिन भी दनियावां नगरनौसा बिहारशरीफ एनएच 30ए पर होरिल बिगहा पेट्रोल पम्प के आगे एक से डेढ़ फीट पानी चढ़ गया है। दनियावां जमींदारी बांध पर भी खतरा बरकरार है।

नालंदा में पानी में गिरा घर

नालंदा जिला के गुलड़िया बिगहा के पास महात्माइन नदी का तटबंध टूटने से दनियावां प्रखंड की सिगरियावां पंचायत के गोपाल टोला मुसहरी पूरी तरह बाढ़ के पानी में डूब गया है। पांच अनुसूचित जाति के पांच मिट्टी के घर पानी में गिर गए हैं। वहीं प्रखंड के हारिल बिगहा, हरिनगर और छोटी केवई में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया है। जिसे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दानापुर। गंगा के जलस्‍तर बढ़ने से दियारा के गांवों के आसपास नदी का पानी‌ पहुंच गया है। सड़कों पानी का बहाव होने लगा है।

सड़क पर पानी बहने से लोगों को घाट से घर आने जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दियारा क्षेत्र में पानापुर घाट से कासिमचक, हेतनपुर, गंगहारा, पतलापुर, अकीलपुर समेत अन्य मार्ग पर कहीं ज्यादा, कही कम पानी है। पानी के बीच लोगों का आना-जाना पड़ रहा है। मनेर दियारा के छिहन्तर गांव से मनेर की जोड़ने वाली सड़क पर अर्धनिर्मित पुल के पास डेढ़ फीट पानी जमा है।

जलस्तर में हो रही गिरावट

गंगा, दरधा, पुनपुन और सोन के जलस्तर में अब गिरावट होने लगी है। गंगा नदी का दीघाघाट पर जलस्तर रविवार को 50.58 मीटर था, जो खतरे के निशान से 10 सेंटीमीटर ऊपर है। गांधीघाट में 49.13 मीटर था जो खतरे के निशान से एक मीटर से अधिक है। हाथीदह में नदी का जलस्तर 42.19 मीटर है जो खतरे के निशान से 80 सेंटीमीटर ऊपर है।

परेशानी: धनरुआ के 5 पंचायत प्रभावित

धनरुआ में कररुआ और दरधा नदी से बाढ़ के पानी से पांच पंचायत प्रभावित हुए हैं और इस बाढ़ से दोनों नदियों में आधा दर्जन जगहों पर तटबंध टूट गया था। ऐसे में तटबंध की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। रविवार को देवकली, सोनमई, ओरियारा, सिताचक, कोल्हाचक, महादेव स्थान, गुलरिया बीघा में दो ट्रैक्टर बालू भरे हुए बैग रखे गए हैं एवं बैग पिचिंग कार्य भी किए गए हैं।

नावों पर ओवरलोडिंग न करने की हिदायत

रविवार की दोपहर तक नदी का जलस्तर खतरे के निशान 50.60 से 14 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है यानि 50. 74 नदी का जलस्तर फिलहाल है। वहीं रविवार को पटना के डीएम डॉ त्यागराजन एसएम ने प्रशासन द्वारा किए जा रहे उपाय पर अंचलाधिकारियों के साथ बैठक की। अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी परिस्थिति में नावों पर ओवरलोडिंग नहीं होने दें। रात में नावों का परिचालन नहीं होगा।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।