चित भी उनकी, पट भी उनकी; वोटर लिस्ट रिवीजन पर चिराग पासवान ने विपक्ष को लपेटा
केंद्रीय मंत्री और लोजपा-रामविलास के मुखिया चिराग पासवान ने बिहार में वोटर लिस्ट रिवीजन का विरोध कर रहे विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा है। उन्होंने विपक्ष पर चुनाव आयोग के फैसले पर राजनीति करने और झूठ फैलाने का आरोप लगाया है।

केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के मुखिया चिराग पासवान ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) मामले में केंद्रीय निर्वाचन आयोग के रुख का समर्थन किया है। दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव और महाराष्ट्र चुनाव बाद विपक्ष ने ही मतदाता सूची में विसंगति का मुद्दा उठाया था। अब जब इस पर ध्यान दिया जा रहा है तो वही विपक्ष इसका विरोध कर रहे हैं। चित भी उनकी और पट भी उनकी, यह दोनों नहीं चलेगा।
चिराग ने कहा कि बूथ कैप्चरिंग और फर्जी वोटिंग विपक्षी दलों की राजनीति का अभिन्न हिस्सा रही है। चुनावों में जनता का विश्वास, पारदर्शिता और निष्पक्षता उन्हें रास नहीं आती। अगर ईमानदारी से मुकाबला हुआ, तो जनता उन्हें पूरी तरह नकार देगी। उन्होंने कहा कि आज नहीं तो कल, यह प्रक्रिया अपनाई ही जानी थी। राजनीतिक दलों को अपने बीएलए के माध्यम से आयोग को सहयोगकरनाचाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दल हर चुनाव के बाद मतदाता सूची में अनियमितताओं की शिकायत करते रहे हैं। विपक्षी दल वोटर लिस्ट रिवीजन को लेकर बिहार के मतदाताओं को भयभीत करने की कोशिश कर रहे हैं, जो कोई नई बात नहीं है।
चिराग पासवान ने आरोप लगाया कि विपक्ष मतदाताओं को डराकर वोट हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। चिराग ने कहा कि यदि विपक्ष को इतनी ही चिंता है, तो उन्हें संसद की कार्यवाही को चलने देना चाहिए और एसआईआर मुद्दे पर चर्चा करनी चाहिए।




साइन इन