Hasnain Khan ADG EOU Amit Lodha given responsibility of SCRB 3 senior IPS officers of Bihar transferred नैय्यर हसनैन खान ईओयू, अमित लोढ़ा SCRB के एडीजी बने; बिहार के 3 सीनियर IPS का तबादला, Bihar Hindi News - Hindustan
More

नैय्यर हसनैन खान ईओयू, अमित लोढ़ा SCRB के एडीजी बने; बिहार के 3 सीनियर IPS का तबादला

बिहार के तीन सीनियर आईपीएस का ट्रांसफर हुआ है। नैय्यर हसनैन खान को इओयू एडीजी, अमित लोढ़ा को एससीआरबी एडीजी और परेश सक्सेना को असैनिक सुरक्षा के अपर आयुक्त सह एडीजी की जिम्मेदारी मिली है।

Sat, 22 March 2025 07:56 PMsandeep हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
नैय्यर हसनैन खान ईओयू, अमित लोढ़ा SCRB के एडीजी बने; बिहार के 3 सीनियर IPS का तबादला

राज्य सरकार ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटने के बाद पदस्थापन की प्रतीक्षा में रहे एडीजी रैंक के दो आईपीएस सहित तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को नयी जिम्मेदारी सौंपी है। शनिवार को गृह विभाग (आरक्षी शाखा) द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे 1994 बैच के आईपीएस परेश सक्सेना को असैनिक सुरक्षा बिहार का अपर आयुक्त सह अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) बनाया गया है।

वहीं, केंद्रीय इकाई एसएसबी के आईजी रहे 1996 बैच के नैय्यर हसनैन खान फिर से बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई के एडीजी बनाये गये हैं। पिछले साल ही केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गये श्री खान की सेवा राज्य सरकार के अनुरोध पर वापस की गयी है।

एडीजी में नवप्रोन्नत एससीआरबी (राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो) के 1998 बैच के आईजी अमित लोढ़ा को उनके ही पद को उत्क्रमित करते हुए एससीआरबी के एडीजी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस तबादले के बाद डीजी जितेंद्र सिंह गंगवार डीजी सह आयुक्त असैनिक सुरक्षा बिहार और विशेष शाखा के एडीजी सुनील कुमार ईओयू एडीजी पद के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो जायेंगे।

आपको बता दें IPS अमित लोढ़ा पर 'खाकी' वेब सीरीज भी बन चुकी है। अमित लोढ़ा की लिखी किताब पर बहुचर्चित वेब सीरीज खाकी द बिहार चैप्टर बनी थी। उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति, पद का दुरुपयोग और अनैतिक गतिविधि से धन कमाने के आरोपों की जांच ईडी के स्तर पर चल रही है। राज्य की जांच एजेंसी एसवीयू (विशेष निगरानी इकाई) ने अमित लोढ़ा के खिलाफ 7 दिसंबर 2022 को आय से अधिक संपत्ति (डीए) मामले में एफआईआर दर्ज की थी। इसमें मगध रेंज के तत्कालीन आईजी अमित लोढ़ा समेत अन्य को नामजद अभियुक्त बनाया गया।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।