hand grained found under bridge near india nepal border बिहार में पुल उड़ाने की साजिश? इंडो-नेपाल सीमा के पास हैंड ग्रेनेड से खलबली, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में पुल उड़ाने की साजिश? इंडो-नेपाल सीमा के पास हैंड ग्रेनेड से खलबली

नदी व आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर सर्च अभियान चलाया जा रहा है। अभी तक अन्य कोई बम नहीं बरामद किया गया है। एसएसबी कमांडेंट संजय पांडेय ने घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इसकी जांच की जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ जारी है

Thu, 26 June 2025 09:55 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान संवाददाता, रक्सौल, पूर्वी चंपारण
share
बिहार में पुल उड़ाने की साजिश? इंडो-नेपाल सीमा के पास हैंड ग्रेनेड से खलबली

भारत नेपाल सीमा स्थित मैत्री पुल के नीचे सरिसवा नदी के किनारे से बम बरामद किया गया है। बुधवार को सरिसवा नदी में स्नान करने गये दो बच्चे इसे हाथ में लेकर खेल रहे थे। इसी दौरान सीमा पर तैनात एसएसबी जवानों ने इसे बरामद किया।रक्सौल डीएसपी धीरेन्द्र कुमार ने बताया कि बच्चे नदी में मिले बम (हैंड ग्रेनेड) लेकर एसएसबी पोस्ट के पास खेल रहे थे। इस दौरान जवानों की नजर पड़ने पर उसे सुरक्षित बरामद कर लिया।

नदी व आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर सर्च अभियान चलाया जा रहा है। अभी तक अन्य कोई बम नहीं बरामद किया गया है। एसएसबी कमांडेंट संजय पांडेय ने घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इसकी जांच की जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ जारी है। बम को डिफ्यूज करने के लिये मुजफ्फरपुर से बम निष्क्रिय टीम को बुलाया जा रहा है। टीम के आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि बम जिन्दा है या नहीं।

किसी साजिश के तहत तो बम नहीं रखा गया था

दूसरी ओर, बॉर्डर स्थित एसएसबी पोस्ट के पास बम मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसी अलर्ट पर है। इस पूरे मामले की जांच शुरू हो गई है। बम कहां से आया और किसी साजिश के तहत तो नहीं रखा गया था। पुलिस इस बिन्दु पर भी जांच कर रही है कि मैत्री पुल उड़ाने की साजिश तो नहीं थी या एसएसबी पोस्ट पर हमले की योजना थी। बम बरामदगी के बाद सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ी कर बॉर्डर पर पुलिस व एसएसबी गश्त बढ़ा दी गयी है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।