रोहिणी नक्षत्र से पहले ही लू जैसे हालात, जनजीवन बेहाल
गोपालगंज में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। 25 मई से नौतपा की शुरुआत होगी। इस दौरान तापमान और बढ़ने की संभावना है। लोग गर्मी से बचने के लिए सावधानी बरत रहे हैं और ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ गई है।

गोपालगंज। सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश और नौतपा की शुरुआत होने में अभी करीब एक सप्ताह का समय बाकी है, लेकिन जिले में पिछले गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को भी भीषण गर्मी, उमस और गर्म पुरवा हवाओं ने लोगों को बेहाल रखा। जिले का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं 23 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। दोपहर में तेज धूप और लू जैसे हालात के कारण शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। जरूरी काम से बाहर निकले लोग सिर और शरीर को कपड़ों से ढककर चलते नजर आए। बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखी।
नौतपा की शुरुआत
25 मई से शुरू होगा नौतपा मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष नौतपा की शुरुआत 25 मई से होगी। इस दिन दोपहर 3 बजकर 44 मिनट पर सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। नौ दिनों तक चलने वाला नौतपा दो जून को समाप्त होगा। मान्यता है कि इस दौरान सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ती हैं, जिससे गर्मी अपने चरम पर पहुंच जाती है। हालांकि इस बार नौतपा शुरू होने से पहले ही तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। तापमान में और वृद्धि के आसार मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। रविवार तक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच सकता है। वहीं बुधवार को जिले में तेज हवा और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना भी जताई गई है। हालांकि इससे उमस और बढ़ सकती है।
जनजीवन पर पड़ रहा गर्मी का असर
भीषण गर्मी का असर अब जनजीवन पर साफ दिखने लगा है। लोग दोपहर में घरों में रहना ज्यादा सुरक्षित समझ रहे हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और बाजारों में ठंडे पेय पदार्थों, शिकंजी और नारियल पानी की मांग बढ़ गई है। अस्पतालों में भी गर्मी और डिहाइड्रेशन से जुड़ी समस्याओं वाले मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। डॉक्टरों और मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 11 बजे से शाम चार बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। बाहर निकलने पर सिर और शरीर को पूरी तरह ढकने, पर्याप्त पानी पीने और हल्का भोजन करने की हिदायत दी गई है।
जरूरी सलाह
दोपहर में तेज धूप से बचें सिर और बदन ढककर ही बाहर निकलें लगातार पानी और तरल पदार्थ लेते रहें बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें वज्रपात के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचें आयुर्वेदिक उपाय सौंफ और मिश्री का शरबत शरीर को ठंडक देता है कच्चे आम का शर्बत लू से बचाने में लाभकारी माना जाता है गुलकंद और ठंडाई शरीर की गर्मी कम करने में मददगार धनिया और पुदीने का सेवन पेट को राहत देता है मिट्टी के घड़े का पानी पीना फायदेमंद माना जाता है
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन