Gaya Airport Fire Erupts Chaos Flames spread 200 Meters Flight was in Parking गया एयरपोर्ट परिसर में आग से अफरातफरी, 200 मीटर में फैली लपटें; पार्किंग में खड़ी थी फ्लाइट, Bihar Hindi News - Hindustan
More

गया एयरपोर्ट परिसर में आग से अफरातफरी, 200 मीटर में फैली लपटें; पार्किंग में खड़ी थी फ्लाइट

गया एयरपोर्ट पर सोमवार दोपहर को झाड़ियों में अचानक आग लग गई। जिस वक्त यह घटना हुई तब पार्किंग में म्यांमार एयरलाइन्स की फ्लाइट खड़ी थी। इससे एयरपोर्ट प्रशासन में हड़कंप मच गया। 

Mon, 20 April 2026 09:10 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, निज प्रतिनिधि, बोधगया
share
गया एयरपोर्ट परिसर में आग से अफरातफरी, 200 मीटर में फैली लपटें; पार्किंग में खड़ी थी फ्लाइट

बिहार के गया अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परिसर में सोमवार दोपहर को आग लगने से हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट परिसर के अंदर सूखी झाड़ियों से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। हवाई अड्डा पर लगभग 200 मीटर की परिधि में आग फैल गई। झाड़ियों से धुआं उठता देख अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई। दमकल की 7 गाड़ियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि इस घटना में जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ। घटना के समय हवाई अड्डा के पार्किंग क्षेत्र में म्यांमार एयरलाइंस की फ्लाइट खड़ी थी, इससे सुरक्षा कर्मी ज्यादा सतर्क रहे।

इस वजह से लगी आग

बताया जा रहा है कि गया एयरपोर्ट परिसर के बाहर आसपास के क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों ने आग लगाई थी। तेज हवा की वजह से बाहर लगी आग की लपटें और चिंगारियां एयरपोर्ट परिसर के अंदर तक पहुंच गईं। इससे हवाई अड्डा परिसर में स्थित झाड़ियों में भी आग भड़क गई। यह घटना वॉच टावर संख्या 2 और 3 के आसपास हुई।

आग बुझाने में लगे दो घंटे

एयरपोर्ट परिसर में वॉच टावर पर तैनात एक संतरी ने जैसे आग की लपटें देखीं, उसने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद कंट्रोल रूम द्वारा तत्काल सीआईएसएफ की क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉंस टीम) को मौके पर भेजा गया। साथ ही, एयरपोर्ट फायर सर्विस को भी अलर्ट किया गया। गया एयरपोर्ट पर स्थित दो दमकल तुरंत वहां पहुंची और आग को बुझाने का प्रयास किया गया।

हालांकि, हवा की वजह से आग बुझाने में दिक्कत आ रही थी। फिर बाहर से भी 5 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और बुलाई गईं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। आग बुझने पर एयरपोर्ट प्रशासन और दमकल कर्मियों ने राहत की सांस ली।

जानमाल का नुकसान नहीं

गया एयरपोर्ट के निदेशक अवधेश कुमार और डिप्टी कमांडेंट नरेश जोशी समेत कई अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्यों की निगरानी करते रहे। आग लगभग 200 मीटर क्षेत्र में फैल गई थी, लेकिन समय रहते आग को पूरी तरह नियंत्रित किया गया। घटना के समय एयरपोर्ट के पार्किंग एरिया में म्यांमार एयरलाइंस की एक फ्लाइट खड़ी थी। इस कारण सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती गई।

एयरपोर्ट के कार्यकारी निदेशक अवधेश कुमार ने बताया कि दमकल कर्मियों, सीआईएसएफ जवानों और कर्मचारियों की तत्परता से आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया। इस अगलगी की घटना में कोई नुकसान नहीं हुआ।

(बोधगया से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट)

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।