firing in marriage hall during tilak samaroh in buxar one injured मैरेज हॉल में 10 राउंड फायरिंग, अधेड़ को लगी गोली; बिहार में तिलक समारोह में खूब बवाल, Bihar Hindi News - Hindustan
More

मैरेज हॉल में 10 राउंड फायरिंग, अधेड़ को लगी गोली; बिहार में तिलक समारोह में खूब बवाल

  • सभी मैरेज हॉल में हथियार के साथ प्रवेश कर गये। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए दूसरे पक्ष के युवक के साथ भिड़ गए। इस मामले की रोक-टोक करने पर राम इकबाल यादव व बड़े पुत्र उमाकांत यादव से मारपीट भी की। दूल्हे को भी नहीं बख्शा।

Thu, 17 April 2025 10:21 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान, एक संवाददाता, चौसा, बक्सर
share
मैरेज हॉल में 10 राउंड फायरिंग, अधेड़ को लगी गोली; बिहार में तिलक समारोह में खूब बवाल

बिहार के एक मैरेज हॉल में आयोजित तिलक समारोह में जमकर बवाल हुआ है। बक्सर जिले के चौसा में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के इटाढ़ी रोड़ स्थित पीसी कॉलेज के पास एक मैरेज हॉल में 10 राउंड फायरिंग की गई है। इस घटना में एक अधेड़ व्यक्ति को गोली लगी है। जिसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। वहीं इस मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। इस घटना में शामिल तीन अन्य आरोपितों की तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है।घटनास्थल से पुलिस को पांच खोखा बरामद हुआ है। वहीं इस घटना के बाद पूरे इलाके दशहत का माहौल कायम हो गया था।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि पीसी कॉलेज के पास फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक टीम गठित की गई। टीम ने मैरेज हॉल में लगे सीसीटीवी की जांच की। जिसमें यह सामने आया कि नगर थाना क्षेत्र के नया बाजार निवासी राम एकबाल सिंह पीसी कॉलेज के पास मैरेज हॉल का संचालन करते हैं। बीती रात उनके पुत्र ओम प्रकाश सिंह का तिलक समारोह था। शांतिपूर्ण व खुशी के माहौल में समारोह चल रहा था। इसी दौरान समारोह में दो लोगों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया।

पुलिस की जांच में यह बात उजागर हुई कि पूर्व से इन लोगों के बीच किसी बात का विवाद चल रहा था। झड़प के बाद एक पक्ष ने फोन कर सोंधिला निवासी अभय कुमार लाल, संदीप पासवान, अटल और पुराने विशाल श्रीवास्तव को बुला लिया था। सभी मैरेज हॉल में हथियार के साथ प्रवेश कर गये। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए दूसरे पक्ष के युवक के साथ भिड़ गए। इस मामले की रोक-टोक करने पर राम इकबाल यादव व बड़े पुत्र उमाकांत यादव से मारपीट भी की। दूल्हे को भी नहीं बख्शा।

बाहर से आये तथाकथित आरोपितों ने एक युवक को मारने का प्रयास किया। लेकिन युवक ने किसी तरह से अपने आप को कमरे में बंद कर दिया। दशहत फैलाने के लिए युवकों ने लगभग दस राउंड फायरिंग की। इस दौरान एक गोली छत से टकराकर अधेड़ को लग गई। जख्मी अधेड़ को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस संबंध में कई लोगों का बयान दर्ज किया है।

क्या कहते हैं एसपी

एसपी शुभम आर्य ने बताया कि तीन अन्य की भी पहचान कर ली गई है। जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। गठित टीम को निर्देश दिया गया कि इस घटना में शामिल हुए हथियार को भी बरामद किया जाए। कोई भी किसी भी कीमत पर बचना चाहिए।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तारी

पुलिस से जब सीसीटीवी कैमरा की जांच किया तब मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रामडीहा गांव निवासी लक्ष्मण लाल श्रीवास्तव के पुत्र विशाल श्रीवास्तव की पहचान की गई। दूसरे युवक की पहचान सोंधिला गांव निवासी अभय कुमार सिन्हा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार विशाल पर कई मामले दर्ज है। साथ ही पुलिस ने अन्य युवकों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की है। जिसमें चीनी मिल निवासी अटल सिंह, सोंधिला गांव निवासी अमन कुमार सिन्हा व संदीप पासवान शामिल है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।