Factionalism not allwed Bihar Congress in charge Krishna Allavaru tightened told who will get election ticket गुटबाजी नहीं चलेगी, बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारू किया टाइट, बताया- किसे मिलेगा टिकट, Bihar Hindi News - Hindustan
More

गुटबाजी नहीं चलेगी, बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारू किया टाइट, बताया- किसे मिलेगा टिकट

  • अल्लावारू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को हराने की ताकत किसी भी दूसरी पार्टी में नहीं है। कांग्रेस को तो कांग्रेसी ही हरा सकता है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।

Thu, 20 Feb 2025 10:32 PMSudhir Kumar हिन्दुस्तान, पटना, हिन्दुस्तान ब्यूरो
share
गुटबाजी नहीं चलेगी, बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारू किया टाइट, बताया- किसे मिलेगा टिकट

विधानसभा चुनाव के ठीक पहले प्रदेश कांग्रेस प्रभारी बनने के बाद पहली बार गुरुवार को पटना पहुंचे कृष्णा अल्लावारू ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में जोश भरा। साथ ही उन्होंने गुटबाजी नहीं करने की चेतावनी दी। विधानसभा चुनाव का टिकट चाहने वाले नेताओं को गांव और टोलों में जाकर संघर्ष का मंत्र दिया। इसके पहले प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह सहित पार्टी नेताओं ने अल्लावारू का जोरदार स्वागत किया। अल्लावरू ने लड़ेंगे और जीतेंगे का नारा लगवाया। चुनाव को देखते हुए अल्लावरू का बिहार दौरा काफी अहम है क्योंकि वे राहुल गांधी के काफी करीबी और विश्वस्त माने जाते हैं।

अल्लावारू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को हराने की ताकत किसी भी दूसरी पार्टी में नहीं है। कांग्रेस को तो कांग्रेसी ही हरा सकता है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। बाकी प्रदेशों का पता नहीं, लेकिन बिहार कांग्रेस में गुटबाजी और खुसूर- फुसूर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पार्टी में गुटबाजी करने वाले नेताओं को बाहर किया जाएगा। कितना भी बड़ा पद और कद वाला नेता हो, गुटबाजी कर लक्ष्मणरेखा पार करने वाले पार्टी से बाहर किए जाएंगे। कोई दिल्ली से भी यहां आकर गुटबाजी करना चाहेगा तो नहीं चलेगा। आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए से लड़ाई है, इसलिए सभी को एकजुट होकर लड़ना है।

अल्लावारू ने कहा कि दिल्ली और सदाकत आश्रम में दौड़ लगाने वालों को चुनाव का टिकट नहीं मिलेगा। गांव, मोहल्ले, टोले और बूथों पर लड़ने और संघर्ष करने वाले नेता को ही टिकट मिलेगा। अब रेस के घोड़ा को ही रेस में लगाया जाएगा। शादी के घोड़े को रेस में नहीं दौड़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन में काम करने वाले कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान नहीं मिलता, ऐसी आम धारणा है। लोग अक्सर यह कहते हैं कि उन नेताओं को अधिक महत्व मिलता है जो चहेते बनने में मेहनत करते हैं। लेकिन ऐसी बात नहीं है। जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान दिया जाएगा। हमें बिहार में कांग्रेस को फिर से मजबूत करना है। हमें जीतने के लिए चुनाव लड़ना है। लड़ाई चाहे बड़ी हो या छोटी, संभव हो या असंभव, हमें जीतने के लिए हर लड़ाई लड़नी होगी।

अल्लावरु ने कहा कि दिल्ली और पटना के चक्कर लगाना बंद करें। जमीनी स्तर पर मेहनत करते दिखेंगे तो आपको ईनाम मिलेगा। बिहार में बूथ, वार्ड, गांव, पंचायत और प्रखंड से ताकत मिलती है। इसलिए पटना और दिल्ली छोड़कर अपने इलाके में मेहनत करें।

इससे पहले पटना एयरपोर्ट पर मीडियाकर्मियों से बात करते हुए अल्लावरु ने कहा कि उनका ध्यान विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर है। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान की उम्मीदों पर खरा उतरने में कोई कसर नहीं छोड़ूंगा। अल्लावरु के बिहार में तीन-चार दिन रहने की उम्मीद है। अपने प्रवास के दौरान वह पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं से मिलेंगे।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।