exodus start in bihar bhagalpur kahalgaon after ganga river water level increased in bihar Bihar Flood: बांध पर दबाव बढ़ा, पलायन शुरू; बिहार में गंगा के उफान से यहां तबाही की आहट, दहशत में लोग, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Bihar Flood: बांध पर दबाव बढ़ा, पलायन शुरू; बिहार में गंगा के उफान से यहां तबाही की आहट, दहशत में लोग

Bihar Flood: गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए दियारा क्षेत्र के लोगों का पलायन शुरू हो गया है। काफी संख्या में दियारा के बासिंदे अपने मवेशियों के साथ हवाई अड्डा मैदान पहुंचे हैं। कई लोग आसपास में अपने किसी जानने वाले के घर रुके हैं, लेकिन मवेशियों को हवाई अड्डा मैदान में रख रहे हैं।

Sun, 3 Aug 2025 08:36 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान, प्रधान संवाददाता, भागलपुर
share
Bihar Flood: बांध पर दबाव बढ़ा, पलायन शुरू; बिहार में गंगा के उफान से यहां तबाही की आहट, दहशत में लोग

Bihar Flood: लगातार हो रही बारिश से गंगा के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है और बिहार के भागलपुर जिले में स्थिति फिर खतरनाक हो रही है ।अगर यही स्थिति रही तो तो जिले में बड़ी तबाही आ सकती है। जल संसाधन विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में भागलपुर में गंगा का जलस्तर 1.10 मीटर बढ़ा है और खतरे के निशान से ऊपर हो गया है। स्थिति यह है कि सुल्तानगंज से कहलगांव तक हर जगह अब गंगा लाल निशान से ऊपर बह रही है। आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। केन्द्रीय जल आयोग के पूर्वानुमान के अनुसार तीनों जगहों पर रविवार को भी जलस्तर में वृद्धि जारी रहेगी।

गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर से इस्माईलपुर बिंदटोली में बांध पर दबाव बढ़ रहा है। यहां एक स्पर भी क्षतिग्रस्त हो गया था और वहां फ्लड फाइटिंग की टीम काम कर रही है। वहीं सबौर के चांयचक में कटाव का तांडव जारी है। जलस्तर में दोबारा बढ़ोतरी से लोग दहशत में हैं। जल संसाधन विभाग के अभियंताओं का कहना है कि यूपी, बिहार और उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से गंगा के जलस्तर में वृद्धि हो रही है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गंगा किनारे के इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।

इधर, गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए दियारा क्षेत्र के लोगों का पलायन शुरू हो गया है। काफी संख्या में दियारा के बासिंदे अपने मवेशियों के साथ हवाई अड्डा मैदान पहुंचे हैं। कई लोग आसपास में अपने किसी जानने वाले के घर रुके हैं, लेकिन मवेशियों को हवाई अड्डा मैदान में रख रहे हैं। लगभग एक सप्ताह पहले ही सुल्तानगंज और कहलगांव में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही थी। लेकिन फरक्का बराज खुलने के बाद जलस्तर में कमी आयी। इसी दौरान इस्माईलपुर में स्पर नंबर 9 का बड़ा हिस्सा गंगा में समा गया था। जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता के अनुसार गंगा अभी राइजिंग स्टेट्स में है। शहर में गंगा का पानी अब बूढ़ानाथ मंदिर के नीचे भी काफी बढ़ गया है। रिवर फ्रंट डूब गया है मशानी काली मंदिर में भी काफी पानी भर गया है।

गंगा के जलस्तर में आज भी बढ़ोतरी जारी रहेगी

जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार भागलपुर क्षेत्र में रविवार को जलस्तर में बढ़ोतरी जारी रहेगी। शनिवार दिन के 2 बजे तक भागलपुर में गंगा का जलस्तर 33.78 मीटर पर पहुंच गया था। जलस्तर बढ़ने का क्रम रात में भी जारी रही। भागलपुर में गंगा गेज पर खतरे का निशान 33.68 मीटर ही है। वहीं कहलगांव में गंगा खतरे के निशान से ऊपर 31.26 मीटर पर है। यहां खतरे का निशान 31.09 मीटर ही है। सुल्तानगंज में शनिवार की शाम गंगा का जलस्तर 34.47 मीटर दर्ज किया गया। यहां खतरे का निशान 34.05 मीटर ही है। अभी सुल्तानगंज में गंगा स्नान करने वाले कांवरियों की संख्या भी बढ़ रही है। इसलिए प्रशासन सतर्कता बरत रहा है। विभिन्न गंगा घाटों पर गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम को तैनात किया गया है। श्रावणी मेला में आ रहे श्रद्धालुओं से लगातार अपील की जा रही है कि बैरिकेडिंग एरिया में ही स्नान करें और जल भरें।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।