भागलपुर के रजिस्ट्रार विनय सौरभ पर EOU का शिकंजा टाइट, पटना समेत ठिकानोंं पर रेड; क्या है मामला
भागलपुर के अवर निबंधक विनय कुमार सौरभ के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई(ईओयू) छापेमारी कर रही है। भागलपुर के अलावे पटना, रोहतास, पूर्णिया में ईओयू की टीम रेड कर रही है।

बिहार में एक और भ्रष्ट लोकसेवक पर जांच एजेंसी ने शिकंजा कस दिया है। भागलपुर के अवर निबंधक विनय कुमार सौरभ के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई(ईओयू) छापेमारी कर रही है। भागलपुर के अलावे पटना, रोहतास, पूर्णिया में ईओयू की टीम रेड कर रही है। विनय सौरभ पर गलत तरीके से संपत्ति बनाने का आरोप है। इसे लेकर आर्थिक अपराध इकाई में उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दर्ज शिकायत के मुताबिक विनय सौरभ ने भ्रष्ट तरीके से अपनी आय से 188 फीसदी अधिक संपत्ति अर्जित किया है। अब तक की कार्रवाई में सिलीगुड़ी में फ्लैट और सात प्लॉट, सासासाम में मकान, गाड़ी और दो लाख 65 हजार नगद मिलने की जानकारी मिली है।
भागलपुर के जिला अवर निबंधक विनय सौरभ के आवास पर शुक्रवार की सुबह ईओयू की टीम पहुंची। भागलपुर के खंजरपुर इलाके में अभिनव इन्क्लेव स्थित उनके आवास में ईओयू की टीम पहुंची है। स्थानीय बरारी थाने की पुलिस भी मौके पर मौजूद है। इसके अलावा विनय सौरभ के पैतृक आवास सेनुआर, थाना शिव सागर, जिला रोहतास एवं पूर्णिया के पैनोरमा सिटी स्थित उनके एक अन्य आवास पर भी ईओयू की अलग-अलग टीम पहुंची है।
भागलपुर में पदस्थापित विनय सौरभ के खिलाफ भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के तहत शुक्रवार को कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है। बताया जा रहा है कि सौरभ पर आरोप है उन्होंने अपनी ज्ञात वैध आय से 188.23% अधिक संपत्ति अर्जित की है। इनके खिलाफ आर्थिक अपराध थाना में 21 अगस्त को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने के बाद यह कार्रवाई शुरू की गई है। विनय पिछले डेढ़ साल से भागलपुर में तैनात हैं। इनके आवास पर छापेमारी की सूचना मिलते ही निबंधन कार्यालय में भी हड़कंप मंच गया है। बरारी थाने की पुलिस ने खंजरपुर स्थित आवास पर ईओयू की छापेमारी की पुष्टि की है।




साइन इन