Enjoy summer holidays at these beautiful places in Bihar hill stations to waterfalls in the list बिहार में इन खूबसूरत जगहों पर मनाएं गर्मी की छुट्टियां, लिस्ट में हिल स्टेशन से लेकर वाटरफॉल, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में इन खूबसूरत जगहों पर मनाएं गर्मी की छुट्टियां, लिस्ट में हिल स्टेशन से लेकर वाटरफॉल

बिहार में ऐसे कई पर्यटन स्थल हैं, जहां गर्मी की छुट्टियों में अपने परिवार और दोस्तों के साथ घूमने का प्लान बनाया जा सकता है। इनमें कई वाटरफॉल और हिल स्टेशन भी शामिल हैं।

Tue, 6 May 2025 05:42 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
बिहार में इन खूबसूरत जगहों पर मनाएं गर्मी की छुट्टियां, लिस्ट में हिल स्टेशन से लेकर वाटरफॉल

Bihar Tourist Places: बिहार में मई और जून महीने में अक्सर भीषण गर्मी और हीट वेव की स्थिति रहती है। ऐसे में गर्मी की छुट्टियों में जंगल, पहाड़ और नदी-झरनों के बीच अपने परिवार या दोस्तों के साथ घूमने की योजना बना सकते हैं। बिहार में ऐसे कई पर्यटन स्थल हैं, जिन्हें गर्मी के मौसम में घूमने के लिए उपयुक्त माना जाता है। इनमें कुछ हिल स्टेशन तो कुछ वाटरफॉल हैं। इनके बारे में यहां नीचे जानकारी दी जा रही है।

सोमेश्वर हिल्स:

पश्चिम चंपारण जिले में रामनगर के पास स्थित यह हिल स्टेशन गर्मी की छुट्टियों में घूमने का बेहतरीन विकल्प है। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के जंगली और पहाड़ी क्षेत्र का हिस्सा होने के चलते भीषण गर्मी के सीजन में भी यहां ठंडक रहती है, जो यहां आने वाले पर्यटकों को सुकून देती है। यहां ट्रैकिंग और कैंपिंग जैसी रोमांचक गतिविधियों का आनंद ले सकते हैं।

गुरपा पहाड़:

गया जिले में बिहार और झारखंड की सीमा के पास स्थित यह हिल स्टेशन अपने आप में ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को समेटे हुए है। यहां आप झरनों और जंगल से घिरे मनमोहक दृश्यों को निहार सकते हैं। इसे गुरपा हिल और कु्क्कुटपद गिरी के नाम से भी जानते हैं। माना जाता है कि यहां पर भगवान बुद्ध के अंतिम शिष्य महाकश्यप को निर्वाण हुआ था। पहाड़ पर गुरुपद नाम का मंदिर है, हिंदू मान्यताओं के अनुसार यहां भगवान विष्णु के पदचिह्न हैं।

कैमूर पहाड़ी:

बिहार के कैमूर और रोहतास जिले में स्थित कैमूर हिल्स यानी कैमूर की पहाड़ी राज्य के सबसे खूबसूरत पर्यटक स्थलों में से एक है। इस पहाड़ी पर जंगल के अंदर कई झरने, ऐतिहासिक मंदिर और प्राकृतिक छटाओं से भरपूर जगहें मौजूद हैं। गर्मी के मौसम में अपने दोस्तों और परिवार के साथ पिकनिक मनाने के लिए यह बढ़िया जगह है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गर्मियों में स्वर्ग से कम नहीं बिहार का यह पिकनिक स्पॉट, ट्रैकिंग की बेस्ट जगह

ककोलत जलप्रपात:

नवादा जिले के गोविंदपुर प्रखंड में पहाड़ियों के बीच बसा यह खूबसूरत पर्यटन स्थल है, इसे 'बिहार का नियाग्रा फॉल' भी कहते हैं। यहां लगभग 160 फीट की ऊंचाई से झरना गिरता है। खास बात यह है कि भीषण गर्मी में भी इस झरने का पानी ठंडा रहता है। इसलिए गर्मी की छुट्टियों में घूमने के लिए यह सबसे बढ़िया जगहों में से एक है। नवादा शहर से इसकी दूरी 33 किलोमीटर है। इस जलप्रपात का महत्व महाभारत काल से जुड़ा हुआ है।

मांझर कुंड:

रोहतास जिले में स्थित यह वाटरफॉल धुआं कुंड या सीता कुंड के नाम से भी जाना जाता है। सासाराम शहर से इसकी दूरी लगभग 10 किलोमीटर है। कैमूर पहाड़ी में बसे इस खूबसूरत जलप्रपात में प्राकृतिक सौंदर्य और रोमांच का भरपूर आनंद मिलता है। वैसे तो यह जगह मॉनसून के दौरान घूमने के लिए सबसे बेस्ट मानी जाती है, लेकिन गर्मियों में भी यह पिकनिक स्पॉट के रूप में काफी लोकप्रिय है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।