Eighteen candidats who loss in loksabha election now fighting in bihar chunav rjd bjp jdu vip सांसद बनने से चूके 18 प्रत्याशी बिहार चुनाव में आजमा रहे किस्मत, RJD से सबसे ज्यादा, Bihar Hindi News - Hindustan
More

सांसद बनने से चूके 18 प्रत्याशी बिहार चुनाव में आजमा रहे किस्मत, RJD से सबसे ज्यादा

Bihar Chunav: जदयू और भाजपा के पांच-पांच सहित कुल 10 उम्मीदवारों को लोकसभा चुनाव में हार मिली थी। इनमें जदयू के चार और भाजपा के दो लोकसभा उम्मीदवार भी विस चुनाव लड़ रहे हैं।

Mon, 3 Nov 2025 06:13 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान, सुमित, पटना
share
सांसद बनने से चूके 18 प्रत्याशी बिहार चुनाव में आजमा रहे किस्मत, RJD से सबसे ज्यादा

Bihar Chunav: लोकसभा चुनाव 2024 में जीत से महज एक कदम चूक गए 23 उम्मीदवार अब विधानसभा चुनाव में उतरे हैं। इनमें 18 खुद विधायक बनने की दौड़ में हैं, जबकि पांच ने अपने परिजनों कोे रण में उतारा है। पिछला लोस चुनाव लड़ने वाले इन उम्मीदवारों में 12 राजद, चार जदयू दो भाजपा और एक-एक कांग्रेस, भाकपा माले, भाकपा, माकपा एवं वीआईपी के हैं। लोकसभा चुनाव में रनर अप रहे 12 उम्मीदवार और उनके परिजनों को राजद ने विस का टिकट दिया है।

वाल्मीकिनगर से 98,675 वोट से हारे दीपक यादव नरकटियागंज विस से प्रत्याशी हैं। सुपौल में 1.70 लाख वोट से हारे चंद्रहास चौपाल सिंहेश्वर (सुरक्षित), उजियारपुर लोस में 60 हजार वोट से हारे राजद के आलोक मेहता उजियारपुर, मुंगेर में 81 हजार वोट से हारीं राजद की कुमारी अनिता वारिसलीगंज, अररिया में 20 हजार वोट से हारे राजद के शाहनवाज आलम को जोकीहाट से प्रत्याशी बनाया गया है।

इसके अलाव बांका में 1.04 लाख वोट से हारे राजद के जयप्रकाश नारायण यादव को झाझा, दरभंगा में 1.70 लाख वोट से हारे राजद के ललित कुमार यादव को दरभंगा ग्रामीण और गया लोस में 1.02 लाख वोट से हारे राजद के कुमार सर्वजीत को बोधगया (सु) विस सीट से राजद का उम्मीदवार बनाया गया है। मधुबनी लोकसभा में हारे राजद के अली अशरफ फातमी के बेटे फराज फातमी को केवटी , वैशाली में हारे राजद के मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला को लालगंज और सीवान लोकसभा सीट से हारीं हेना शहाब के बेटे ओसामा शहाब को रघुनाथपुर से राजद ने टिकट दिया है।

जदयू के चार, भाजपा के दो लोकसभा उम्मीदवार लड़ रहे विधानसभा चुनाव

जदयू और भाजपा के पांच-पांच सहित कुल 10 उम्मीदवारों को लोकसभा चुनाव में हार मिली थी। इनमें जदयू के चार और भाजपा के दो लोकसभा उम्मीदवार भी विस चुनाव लड़ रहे हैं। जदयू ने जहानाबाद में करीब 1.42 लाख वोट से हारे चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी को विस जबकि कटिहार लोकसभा में 50 हजार वोट से हारे जदयू के दुलालचंद गोस्वामी को कदवा से पार्टी का उम्मीदवार बनाया है।

जदयू के दो लोकसभा उम्मीदवार मुजाहिद आलम और संतोष कुशवाहा राजद के टिकट पर मैदान में हैं। किशनगंज में करीब 60 हजार वोट से हारे मुजाहिद आलम कोचाधामन, जबकि पूर्णिया में 24 हजार वोट से हारे संतोष कुशवाहा धमदाहा सीट पर राजद के उम्मीदवार हैं। भाजपा ने पाटलिपुत्र लोकसभा सीट पर 85 हजार वोट से हारे रामकृपाल यादव को दानापुर तो बक्सर सीट हारे मिथिलेश तिवारी को बैकुंठपुर विस से टिकट दिया।

लोकसभा उम्मीदवारों को टिकट देने में कांग्रेस व अन्य दल भी पीछे नहीं

लोकसभा में नजदीकी मुकाबले में हारे उम्मीदवारों को टिकट देने में कांग्रेस, वाम सहित अन्य दल भी पीछे नहीं हैं। भागलपुर लोकसभा में 1.05 लाख वोट से हारे कांग्रेस के अजीत शर्मा को भागलपुर विधानसभा, नालंदा लोकसभा में 1.69 लाख वोट से हारे भाकपा माले के संदीप सौरव को पालीगंज विधानसभा और बेगूसराय लोकसभा में करीब 81 हजार वोट से हारे सीपीआई के अवधेश कुमार राय को बछवाड़ा विधानसभा से उसी पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है।

इनके अलावा खगड़िया लोकसभा में हारे माकपा के संजय कुमार के भाई अजय कुमार विभूतिपुर से माकपा के उम्मीदवार हैं। मुजफ्फरपुर में वीआईपी से हारे अजय निषाद की पत्नी रमा निषाद औराई विधानसभा से भाजपा के टिकट पर हैं।

दो सीटिंग सांसद के बेटा और बेटी भी आजमा रहे किस्मत

लोकसभा में हारे उम्मीदवारों के साथ ही जीते दो सांसद के परिजन भी विधानसभा चुनाव मैदान में हैं। शिवहर की जदयू सांसद लवली आनंद के बेटे चेतन आनंद नवीनगर से भाजपा के टिकट पर जबकि वैशाली से लोजपा (रा) की सांसद वीणा देवी की बेटी कोमल सिंह जदयू के टिकट पर गायघाट विधानसभा से चुनाव लड़ रही हैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।