Eight flights of Delhi Mumbai Kolkata cancelled due to low visibility at Darbhanga Airport सर्दी शुरू होते ही डगमगाने लगा दरभंगा एयरपोर्ट से सफर, आज भी 8 फ्लाइट कैंसिल, Bihar Hindi News - Hindustan
More

सर्दी शुरू होते ही डगमगाने लगा दरभंगा एयरपोर्ट से सफर, आज भी 8 फ्लाइट कैंसिल

  • दरभंगा हवाई अड्डा से सफर पर जाड़े की शुरुआत में ही ग्रहण लगने लगा है। मंगलवार को भी दरभंगा एयरपोर्ट से आने-जाने वाली कुल 12 फ्लाइट में 8 फ्लाइट कैंसिल हो गईं जिसमें दिल्ली, मुंबई और कोलकाता की उड़ानें शामिल हैं।

Tue, 26 Nov 2024 07:16 PMRitesh Verma हिन्दुस्तान टीम, संजय लाला, दरभंगा
share
सर्दी शुरू होते ही डगमगाने लगा दरभंगा एयरपोर्ट से सफर, आज भी 8 फ्लाइट कैंसिल

सर्दियों की शुरुआत होते ही दरभंगा एयरपोर्ट पर विमान सेवा लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी अस्त-व्यस्त रही। सुबह और शाम को दरभंगा एयरपोर्ट पर कम दृश्यता के कारण विभिन्न उड़ानों को रद्द करने का सिलसिला जारी रहा। नई दिल्ली से दरभंगा आने और लौटने वाली दोनों फ्लाइट मंगलवार को रद्द कर दी गई। इस वजह से दिल्ली जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों को बैरंग लौटना पड़ा। मुंबई और कोलकाता की उड़ानें भी रद्द होने से यहां के लोग यात्रा नहीं कर सके। नई दिल्ली से सुबह 11.10 बजे दरभंगा पहुंचने वाली फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। तब तक आस-पास के कई जिलों के यात्री दरभंगा एयरपोर्ट पहुंच चुके थे। मुंबई और कोलकाता के अलावा नई दिल्ली की शाम की फ्लाइट भी रद्द होने की जानकारी मिलने पर यात्रियों का रोष बढ़ गया। कई यात्री हंगामा करने लगे। एयरलाइंस स्टाफ ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया।

सोमवार को भी मुंबई से कई घंटे विलंब से फ्लाइट दरभंगा पहुंची थी। नई दिल्ली से आने वाली दोनों फ्लाइट को वाराणसी डायवर्ट कर दिया गया था। इनमें एक फ्लाइट बाद में दरभंगा आई थी। दूसरी फ्लाइट को वाराणसी से ही लौटा दिया गया। एयरलाइंस के स्टाफ की ओर से कहा जाता है कि फ्लाइट रद्द होने की सूचना यात्रियों को कई घंटे पूर्व ही दे दी जाती है। हालांकि कई यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए निकलने के बाद यह सूचना प्राप्त होती है।

दरभंगा एयरपोर्ट से शुरू होगी इंडिगो की फ्लाइट; दिल्ली-मुबंई जाना होगा आसान, जानें शेड्यूल

दरभंगा एयरपोर्ट पर मंगलवार को बेंगलुरु और हैदराबाद की फ्लाइट आई और गई। दरभंगा से फिलहाल हर रोज दिल्ली की दो फ्लाइट के अलावा मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और कोलकाता की एक-एक फ्लाइट आती और जाती है। इस प्रकार दरभंगा एयरपोर्ट से इस समय कुल 12 विमानों का आवागमन निर्धारित है।

दरभंगा एयरपोर्ट से केवल दरभंगा के यात्री सफर नहीं करते हैं बल्कि सीमांचल और तिरहुत के कई जिलों के यात्री पहुंचते हैं। दिल्ली जाने के लिए सुबह की फ्लाइट पकड़ने दूर-दराज जिलों से काफी संख्या में यात्री एक दिन पूर्व ही यहां पहुंच जाते हैं। लगन का मौसम रहने की वजह से कई लोग विवाह में शामिल होने के लिए टिकट बुक कराते हैं। फ्लाइट रद्द होने से उनकी परेशानी बढ़ जाती है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।