दोगुना रोजगार, बिहार में नए शहर, नया टेक हब; क्या हैं नीतीश के सात निश्चय पार्ट 3
Nitish 7 Nishchay Part 3: बिहार की नीतीश सरकार ने 2030 तक के के लिए सात निश्चय पार्ट-3 लागू किए हैं। कैबिनेट बैठक में इस पर मुहर लगा दी गई है। इसमें रोजगार से लेकर नागरिक सुविधाओं के विकास से लेकर कई अहम लक्ष्य हैं।
Nitish 7 Nishchay Part 3: नीतीश सरकार ने बिहार में रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सात निश्चय पार्ट-3 पर काम शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में तीसरे चरण के सात निश्चयों पर मुहर लगाई गई। इसके जरिए सरकार ने अगले पांच सालों (2025 से 2030 तक) के लिए अपना पूरा रोडमैप बताया है। इनमें 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाकर राज्य में दोगुना रोजगार दिया जाएगा और बिहार के लोगों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य है। साथ ही राज्य में नागरिक सुविधाओं को बढ़ाते हुए नए आधुनिक शहरों का विकास, बिहार को पूर्वी भारत का नया टेक हब और राज्य को बेहतर कार्य क्षेत्र बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
कैबिनेट बैठक के बाद सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार को सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने हेतु अब सात निश्चय-3 कार्यक्रमों को लागू करने का निर्णय लिया गया है। इससे पहले दो बार 2015-2020 और 2020-2025 में सुशासन, न्याय और विकास से जुड़े साथ निश्चय लागू किए गए थे। सीएम का दावा है कि उन लक्ष्यों को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया गया। आइए जानते हैं कि नीतीश सरकार के सात निश्चय पार्ट 3 क्या हैं।
1. दोगुना रोजगार और दोगुनी प्रति व्यक्ति आय
सात निश्चय पार्ट-3 का पहला लक्ष्य बिहार में रोजगार और प्रति व्यक्ति आय को दोगुना करना है। इसके तहत सरकार महिलाओं को रोजगार से जोड़ने पर फोकस करेगी। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 10-10 हजार रुपये दिए गए हैं। अब उन्हें रोजगार बढ़ाने के लिए 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। साथ ही 2023 की जाति आधारित गणना में चिह्नित किए गए 94 लाख गरीब परिवारों को भी रोजगार से जोड़ने के लिए योजनाएं चलाई जाएंगी। स्थानीय उत्पादों को बेचने के लिए हाट बाजार विकसित किए जाएंगे। अगले 5 सालों में 1 करोड़ नौकरी-रोजगार का लक्ष्य पहले ही तय है।
2. उद्योग में बिहार को मिलेगा बूम
सात निश्चय-3 के दूसरे निश्चय में नीतीश सरकार ने राज्य में तेजी से औद्योगिक विकास करने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत बिहार को पूर्वी भारत का नया टेक हब बनाया जाएगा। बिहार में वर्ल्ड क्लास वर्क प्लेस विकसित किया जाएगा। उद्यमियों और युवाओं को उद्योग लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। हर जिल में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। 5 लाख में 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने की तैयारी है। स्थानीय उत्पादों के निर्यात एवं बाजार विकास पर जोर दिया जाएगा। राज्य में बंद पड़ी चीनी मिल को फिर से चालू किया जा रहा है, 25 नई शुगर मिल भी स्थापित की जाएगी।
3. किसानों की आय बढ़ेगी, मखाना रोडमैप बनेगा
नीतीश सरकार ने कृषि में प्रगति- प्रदेश की समृद्धि का निश्चय लिया है। इसके तहत किसानों की आय बढ़ाई जाएगी। चौथे कृषि रोडमैप पर तेजी से काम होगा। अलग से मखाना रोड मैप भी लाया जाएगा। डेयरी एवं मत्स्य पालन पर विशेष जोर दिया जाएगा। हर पंचायत पर सुधा बिक्री केंद्र की स्थापना होगी। हर खेत तक सिंचाई का पहुंचाने का काम और तेज होगा।
4. बिहार में बनेगी नई एजुकेशन सिटी
सात निश्चय-3 का चौथा निश्चय ‘उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य’ है। इसके तहत राज्य में नई एजुकेशन सिटी बनाई जाएगी। बिहार के पुराने प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा। अलग से उच्च शिक्षा विभाग भी बनाया गया है।
5. प्रखंड और जिला अस्पतालों का होगा कायाकल्प
सात निश्चय-3 का पांचवां निश्चय ‘सुलभ स्वास्थ्य- सुरक्षित जीवन’ है। इसके तहत प्रखंड स्तर के सरकारी अस्पतालों को स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के रूप में विकसित किया जाएगा। नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। जिला अस्पतालों को भी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल बनाया जाएगा। सरकारी डॉक्टरों के निजी प्रैक्टिस पर रोक लगाई जाएगी। दूरस्थ इलाकों में डॉक्टरों को भेजने के लिए प्रोत्साहन दिया जाएगा।
6. बिहार में नए शहर बनेंगे
नीतीश सरकार ने छठा निश्चय ‘मजबूत आधार-आधुनिक विस्तार’ रखा है। इसके तहत राज्य में शहरीकरण और नागरिक सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। नए आधुनिक शहर बनाए जाएंगे। शहर में रहने वाले गरीबों को सस्ते घर मिलेंगे। शहरों को जोड़ने के लिए 5 नए एक्सप्रेसवे बनाए जाएंगे। गांवों की सड़कों को चौड़ा कर 2 लेन बनाया जाएगा। घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। पर्यटन बढ़ाने के लिए पर्यटक स्थल विकसित होंगे।
हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं में फिल्मों की शूटिंग के लिए फिल्म सिटी का निर्माण होगा। पटना में विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स सिटी बनेगी। सभी जिलों में खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना होगी। राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। प्रगति यात्रा से संबंधित 430 स्वीकृत योजनाओं तथा सात निश्चय-2 के बचे कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा।
7. बिहार के लोगों का जीवन आसान बनाएगी सरकार
नीतीश सरकार ने सात निश्चय पार्ट-3 में जो सबसे आखिरी लक्ष्य रखा है वो है लोगों की जिदंगी को आसान बनाना। ईज ऑफ लिविंग के जरिए सभी नागरिकों को सम्मानपूर्व आसान जीवन देने के लक्ष्य के तहत राज्य में आधुनिक तकनीक, नवाचार एवं संवेदनशील सुशासन मुहैया कराया जाएगा।




साइन इन