Doctor celebratory firing in wedding procession bullet hit his son डॉक्टर ने बारात में की हर्ष फायरिंग, बेटे को ही लग गई गोली; शादी में अफरातफरी, Bihar Hindi News - Hindustan
More

डॉक्टर ने बारात में की हर्ष फायरिंग, बेटे को ही लग गई गोली; शादी में अफरातफरी

सहरसा में शादी समारोह के दौरान सुपौल से आई बारात में एक डॉक्टर ने हर्ष फायरिंग कर दी। गोली गलती से डॉक्टर के बेटे को ही लग गई। इससे शादी समारोह में अफरातफरी मच गई।

Thu, 1 May 2025 10:43 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, नगर संवाददाता, सहरसा
share
डॉक्टर ने बारात में की हर्ष फायरिंग, बेटे को ही लग गई गोली; शादी में अफरातफरी

बिहार के सहरसा में बारात के दौरान एक डॉक्टर ने हर्ष फायरिंग कर दी। बंदूक से निकली गोली डॉक्टर के बेटे को ही जाकर लग गई। इससे शादी समारोह में जश्न के माहौल के बीच अफरातफरी मच गई। यह घटना शहर के गंगजला चौक स्थित एक निजी रिसोर्ट में बुधवार देर रात को हुई। गोली लगने से जख्मी युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले गए। बाद में उसे भर्ती किए बिना ही परिजन लेकर चले गए।

समारोह में मौजूद लोगों से मिली जानकारी के अनुसार सहरसा में दवा कारोबार से जुड़े एक व्यक्ति की शादी थी। सुपौल से बारात आई थी। बारात में कई डॉक्टर भी मौजूद थे। लोगों के अनुसार बारात में मौजूद किसी डॉक्टर ने हर्ष फायरिंग की। गलती से गोली डॉक्टर के ही बेटे को लग गई।

बाराती और घराती, दोनों पक्ष में बड़ी संख्या में डॉक्टर मौजूद थे। गोलीबारी की घटना के बाद भगदड़ मच गई। रिसोर्ट संचालक ने भी हर्ष फायरिंग की बात की पुष्ट की है। हालांकि, पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी गई।

सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि न तो रिसोर्ट मालिक और न ही जख्मी युवक की ओर से हर्ष फायरिंग के सबंध में कोई सूचना दी गई। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।

बता दें कि बिहार में हथियारों का प्रदर्शन, किसी समारोह में हर्ष फायरिंग की घटना के खिलाफ पुलिस का सख्त रूख बना हुआ है। हथियार जब्त और लाइसेंस रद्द तक की कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद शादी समारोह में हर्ष फायरिंग की घटना हो रही है। रिसोर्ट में बुधवार रात को हुई यह घटना गुरुवार को शहर में काफी चर्चा का विषय बनी रही।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।