Disaster rains down on Bihar 13 killed crops damaged amid devastating storms rain बिहार में आसमान से बरसी आफत; आंधी-बारिश से तबाही के बीच 13 लोगों की गई जान, फसल डैमेज, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में आसमान से बरसी आफत; आंधी-बारिश से तबाही के बीच 13 लोगों की गई जान, फसल डैमेज

सड़कों पर पेड़ गिरने से घंटों आवागमन प्रभावित हुआ। कई रेलखंडों पर ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित रहा। आम और लीची की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस बीच 13 लोगों की मौत हो गई।

Fri, 1 May 2026 07:19 AMSudhir Kumar पटना, हिन्दुस्तान ब्यूरो
share
बिहार में आसमान से बरसी आफत; आंधी-बारिश से  तबाही के बीच 13 लोगों की गई जान, फसल डैमेज

Bihar News: बिहार में बुधवार रात और गुरुवार की आई आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने व्यापक तबाही मचाई। मुजफ्फरपुर, मधुबनी, पूर्वी-पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, समस्तीपुर और दरभंगा, हाजीपुर, छपरा, हाजीपुर और बेगूसराय में 13 लोगों की मौत हो गई। अलग-अलग हादसों में दर्जनभर से अधिक घायल हुए हैं। पेड़, बिजली के पोल और तार गिरने से शहर से गांव तक पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रही। सड़कों पर पेड़ गिरने से घंटों आवागमन प्रभावित हुआ। कई रेलखंडों पर ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित रहा। आम और लीची की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।

बेगूसराय के रतनपुर थाना के मियाचक गाछीटोल में नवनिर्मित भवन के तीसरे तल्ले से गिरी दीवार में दबने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं हाजीपुर के सदर थाना क्षेत्र स्थित सुभई दक्षिणी टोला में पेड़ गिरने से छह वर्षीय बच्चे की मौत। मढ़ौरा के गौरा थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। उधर, गुरुवार की सुबह वज्रपात से औरंगाबाद जिले के माली थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव में आई बारात में दूल्हे के चाचा 50 वर्षीय अक्षय राम की मौत हो गई। मधुबनी जिले के बाबूबरही के परसा गांव में ठनका गिरने से छह लोग घायल हो गए। घोघरडीहा के नौवाबाखर पंचायत के धावघट गांव में बरगद का पेड़ फूस के घर पर गिर गया। इससे घर में मौजूद 55 वर्षीय कलावती देवी की दबकर मौत हो गई। जिरौल नवटोली में बुजुर्ग महिला पंची देवी की ठनका की चपेट में आने से मौत हो गई।

पश्चिम चंपारण के बैरिया प्रखंड में दो लोगों की मौत हो गई। मलाही बलुआ निवासी 25 वर्षीय युवक की पेड़ से दबकर जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक की ई-रिक्शा पलटने से मौत हो गई। दरभंगा में पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई। केवटी प्रखंड के रैयाम गांव में 52 वर्षीय महिला पेड़ के नीचे दब गई। मुजफ्फरपुर के सरैया नगर पंचायत के वार्ड 12 में बरगद का पेड़ घर पर गिरने से बुजुर्ग महिला फूलमती देवी की मौत हो गई। समस्तीपुर के दलसिंहसराय में घर पर पेड़ गिरने से 50 वर्षीय घाटो सहनी की मौत हो गई। समस्तीपुर के साथ पूर्वी चंपारण के कई क्षेत्रों में पेड़, पोल और तार गिरने से आवागमन प्रभावित रहा।

कुछ जगहों पर ओलावृष्टि से आम और लीची की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। सीतामढ़ी में आंधी, बारिश और वज्रपात से भारी नुकसान हुआ। चोरौत और परसौनी में वज्रपात से घरों में आग लग गई। कई प्रखंडों में पेड़ गिरने से सड़कें जाम रहीं, जिससे आवागमन बाधित हुआ। अधिकांश इलाकों में रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रही।

आम-लीची व अन्य फसलों को व्यापक नुकसान

बारिश से हरी सब्जी, मिर्च, मूंग और गन्ना फसल को कुछ लाभ भी हुआ है, लेकिन ओलावृष्टि और तेज हवा से आम, लीची, गेहूं और मक्का की फसलों को व्यापक क्षति पहुंची है। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने की मांग की है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।