Dilip Jaiswal will file nomination for Bihar BJP President election process begins बिहार बीजेपी अध्यक्ष के लिए नामांकन करेंगे दिलीप जायसवाल, चुनाव की प्रक्रिया शुरू, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार बीजेपी अध्यक्ष के लिए नामांकन करेंगे दिलीप जायसवाल, चुनाव की प्रक्रिया शुरू

बिहार में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए दिलीप जायसवाल नामाकंन करेंगे। उन्हें दोबारा इस पद के लिए निर्विरोध चुना जाएगा।

Mon, 6 Jan 2025 09:01 AMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
बिहार बीजेपी अध्यक्ष के लिए नामांकन करेंगे दिलीप जायसवाल, चुनाव की प्रक्रिया शुरू

बिहार भाजपा में सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी कड़ी में 18 जनवरी को भाजपा के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करेंगे। 19 जनवरी को बापू सभागार में होने वाली राज्य परिषद की बैठक में इनके निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष की औपचारिक मुहर लग जाएगी। राज्य परिषद में शामिल होने के लिए बिहार संगठन के चुनाव प्रभारी बनाए गए केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर बिहार आ रहे हैं। वे 18 जनवरी की शाम में ही बिहार आ जाएंगे।

पार्टी नेताओं से मिली जानकारी के अनुसार 19 जनवरी को बापू सभागार में पार्टी के प्रदेश परिषद की बैठक होगी। इसमें पार्टी के सभी पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके एक दिन पहले प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए दिलीप जायसवाल नामांकन करेंगे ताकि प्रदेश परिषद की बैठक में उस पर मुहर लग सके।

वहीं भाजपा की निचली इकाइयों का चुनाव संपन्न होने लगा है। सात जनवरी तक 39 जिलाध्यक्षों का निर्वाचन हो जाएगा। पार्टी की 77 हजार 392 बूथ में से लगभग 55 हजार बूथों के अध्यक्ष निर्वाचित हो गए हैं। वहीं 1422 मंडल में से 1340 मंडल अध्यक्ष घोषित कर दिए गए हैं। पहले पार्टी की 1137 मंडल इकाई ही थी। पार्टी ने इस बार 45 के बदले 52 संगठन जिला बनाया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नीतीश के नेतृत्व पर बिहार अध्यक्ष के तेवर ढीले; बोले- सब दिल्ली से तय होगा

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ.जायसवाल ने कहा कि बूथ, मंडल, प्रखंड से लेकर जिलाध्यक्ष के पद पर नेताओं के निर्वाचन की प्रक्रिया चल रही है। पार्टी ने इसमें सामाजिक समीकरण का पूरा ख्याल रखा है। केवल अनुसूचित जाति से 103 मंडल अध्यक्ष बनाए गए हैं। जबकि पहली बार 49 महिलाओं को प्रखंड और मंडल अध्यक्ष बनाया गया है।

जिलाध्यक्षों की औपचारिक घोषणा समारोह आयोजित कर की जाएगी। इन कार्यक्रमों में पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। सभी जिलों में जिलाध्यक्षों की घोषणा के दौरान पार्टी के एक-एक वरीय नेता, क्षेत्रीय प्रभारी, सह क्षेत्रीय प्रभारी, जिला प्रभारी, चुनाव पर्यवेक्षक, सांसद/विधायक मौजूद रहेंगे।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।