Did Brahmeshwar Mukhiya grand daughter Akanksha Singh lied on UPSC Results Ghazipur Akanksha claims 301 Ranking ब्रह्मेश्वर सिंह की पोती ने UPSC रिजल्ट पर झूठ बोला? यूपी की आकांक्षा बोली- रैंक 301 मेरा है, Bihar Hindi News - Hindustan
More

ब्रह्मेश्वर सिंह की पोती ने UPSC रिजल्ट पर झूठ बोला? यूपी की आकांक्षा बोली- रैंक 301 मेरा है

Akanksha Singh UPSC: रणवीर सेना वाले ब्रह्मेश्वर सिंह उर्फ मुखिया की पोती आकांक्षा सिंह के UPSC पास करने के दावे पर विवाद हो गया है। पटना एम्स में डॉक्टर गाजीपुर की आकांक्षा सिंह और आरा वाली आकांक्षा दोनों ने 301वां रैंक लाने का दावा किया है।

Sat, 7 March 2026 02:03 PMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
ब्रह्मेश्वर सिंह की पोती ने UPSC रिजल्ट पर झूठ बोला? यूपी की आकांक्षा बोली- रैंक 301 मेरा है

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के नतीजों में रैंक नंबर 301 पर दर्ज असली आकांक्षा सिंह को लेकर बड़ा विवाद हो गया है। शुक्रवार को दिन भर यह खबर चली कि 301 रैंक पर रणवीर सेना के मुखिया रहे ब्रह्मेश्वर सिंह उर्फ मुखिया की पोती आरा वाली आकांक्षा सिंह हैं। बाद में सोशल मीडिया पर गाजीपुर की हमनाम आकांक्षा सिंह ने यूपीएससी रिजल्ट में 301वां रैंक लाने की जानकारी देते हुए एक पोस्ट किया है। गाजीपुर वाली आकांक्षा सिंह पटना एम्स में डॉक्टर हैं। उलझाने वाली बात यह है कि दोनों एक ही रोल नंबर 0856794 पर अपने सेलेक्शन का दावा कर रही हैं। किसका एडमिट कार्ड सही है और किसका फर्जी, ये कह पाना इस समय मुश्किल दिख रहा है।

यूपीएससी के अंतिम नतीजों में 301 नंबर पर रोल नंबर 0856794 का सेलेक्शन दिख रहा है। इस रोल नंबर के साथ आरा वाली आकांक्षा सिंह ने लिखित परीक्षा और गाजीपुर वाली आकांक्षा सिंह ने इंटरव्यू का एडमिट कार्ड मीडिया के साथ साझा किया है। दोनों कैंडिडेट के जरिए मीडिया के पास जो एडमिट कार्ड के फोटो आए हैं, उसमें गौर करने वाली एक चीज है क्यूआर कोड। दोनों एडमिट कार्ड पर जो क्यूआर कोड हैं, उसको स्कैन करने पर गाजीपुर वाली आकांक्षा सिंह का दावा मजबूत लग रहा है। उन्होंने आज एक वीडियो जारी कर लोगों से एडमिट कार्ड पर लगा क्यूआर कोड स्कैन कर सच्चाई देखने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि वो पास हो गई हैं और इस आनंदित हैं।

गाजीपुर की आकांक्षा सिंह ने इंटरव्यू का जो एडमिट कार्ड साझा किया है, उस पर बने क्यूआर कोड को स्कैन करने पर रोल 0856794 और आवेदन पत्र संख्या 12507292880 आता है। आकांक्षा का परीक्षा केंद्र संख्या 001 है। आरा वाली आकांक्षा सिंह के एडमिट कार्ड पर बने क्यूआर कोड को स्कैन करने पर रोल नंबर 0856569 आता है, जबकि इनके एडमिट कार्ड पर रोल नंबर 0856794 लिखा हुआ है। आरा वाली आकांक्षा का परीक्षा केंद्र संख्या 115 है। ब्रह्मेश्वर की पोती आकांक्षा ने जो एडमिट कार्ड जारी किया है, वो प्रिलिम्स का है, जबकि गाजीपुर वाली आकांक्षा ने इंटरव्यू का समन शेयर किया है।

क्यूआर कोड के हिसाब से गाजीपुर की आकांक्षा का पलड़ा भारी है, लेकिन आरा वाली आकांक्षा ने जोर-शोर से मीडिया को इंटरव्यू दिए हैं और अपने दादा ब्रह्मेश्वर सिंह को भी खूब याद किया है। इस विवाद का पटाक्षेप यूपीएससी के स्तर पर ही हो सकता है, जब वो सेलेक्ट हुए आकांक्षा सिंह के रोल के साथ-साथ आवेदन पत्र संख्या या माता-पिता का नाम या पता भी बता दे। सोशल मीडिया पर लोग दोनों आकांक्षा के पक्ष और खिलाफ में अपने-अपने हिसाब से दावा कर रहे हैं। क्यूआर कोड आरा वाली आकांक्षा के एडमिट कार्ड में छेड़छाड़ का इशारा कर रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि आयोग के स्तर पर ही हो सकती है कि कौन सही है और कौन गलत।

यूपीएससी ने 6 मार्च को 2025 की सिविल सेवा परीक्षा के अंतिम नतीजे घोषित किए थे। आयोग ने कुल 958 कैंडिडेट को भारत सरकार की अलग-अलग सेवाओं के लिए चुना है। इन 958 लोगों में 317 जनरल, 104 ईडब्ल्यूएस, 306 ओबीसी, 158 एससी, 71 एसटी उम्मीदवार शामिल हैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।