Dates for elections from state to national president finalized in RJD big will Jagadanand stay or remove राजद में प्रदेश से राष्ट्रीय अध्यक्ष तक के चुनाव की डेट फाइनल, जगदानंद सिंह बचेंगे या हटेंगे?, Bihar Hindi News - Hindustan
More

राजद में प्रदेश से राष्ट्रीय अध्यक्ष तक के चुनाव की डेट फाइनल, जगदानंद सिंह बचेंगे या हटेंगे?

राजद के बिहार प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव 21 जून को तो राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव 5 जुलाई को होना तय हो गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर लालू यादव का चयन लगभग तय माना जा रहा है लेकिन प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह पर संशय है। उन्हें बीमार बीमार बताया जा रहा है।

Mon, 19 May 2025 04:48 PMSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share
राजद में प्रदेश से राष्ट्रीय अध्यक्ष तक के चुनाव की डेट फाइनल, जगदानंद सिंह बचेंगे या हटेंगे?

बिहार में इसी साल विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले राष्ट्रीय जनता दल में सांगठनिक चुनाव चल रहा है। पार्टी की मजबूती के लिए बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया तेज हो गयी है। राजद के बिहार प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव 21 जून को तो राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव 5 जुलाई को होना तय हो गया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने इसकी जानकारी देते हुए कहा है कि जो पार्टी के सिद्धांतों के साथ चलेगा और तेजस्वी यादव के सपनों को आगे बढाएगा उसी के हाथ में पार्टी की कमान दी जाएगी। इस बीच बड़ा सवाल बिहार के राजनैतिक हलके में उठ रहा है कि पार्टी के पहले सवर्ण प्रदेश अध्यक्ष और कद्दावर जगदानंद सिंह अपने पद बने रहेंगे या उनकी विदाई हो जाएगी। यह भी चर्चा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर लालू यादव की वापसी लगभग तय है।

राष्ट्रीय जनता दल के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने चुनाव से संबंधित जानकारी देते हुए कहा कि सदस्यता के बाद पार्टी का सांगठनिक चुनाव चल रहा है। बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर टीम बन रही है। इसी क्रम में 21 जून को प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होगा। 24 जून तक राष्ट्रीय परिषद की लिस्ट फाइनल हो जाएगी और 15 दिनों बाद 5 जुलाई को राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा। उन्होंने कहा कि साझा पार्टी सामाजिक न्याय, न्याय के साथ विकास, धर्म निरपेक्षता और समाजिक समरसता जैसे सिद्धांतों के साथ आगे बढ़ रही है। राजद संगठन की शक्ति से चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि जो पार्टी को पूरी मजबूती के साथ और सिद्धांतों का पालन करते हुए आगे लेकर जाएगा और तेजस्वी यादव के सपने को आगे बढ़ाएगा उसके हाथ में ही पार्टी की कमान दी जाएगी।

जगदानंद सिंह के बारे में उन्होंने कहा कि पार्टी में उनका बहुत योगदान है। अभिभावक के रूप में उनका मार्गदर्शन बहुत महत्वपूर्ण है। उनके कामों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है लेकिन, उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है। उम्र के इस पड़ाव पर आ गए हैं। उनका लगातार दिल्ली में इलाज चल रहा है। डॉक्टर ने उन्हें ज्यादा देर बैठने से मना किया है। अध्यक्ष का पद जनसमस्या, जनसरोकार, जन भावना और कार्यकर्ता की भावनाओं से सीधे जुड़ा है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।