इंदिरा कॉलोनी में पेयजल संकट झेल रहे लोग, जलजमाव बना अभिशाप
दिलावरपुर पंचायत के इंदिरा कॉलोनी में लोग बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना कर रहे हैं। जलनिकासी और पेयजल की समस्या बढ़ती जा रही है। सड़क पर जलजमाव के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोग प्रशासन से कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

शहर से सटी दिलावरपुर पंचायत के अललपट्टी स्थित इंदिरा कॉलोनी के लोग आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जीवन जीने को मजबूर हैं। तेजी से बढ़ती आबादी और बस्ती के विस्तार के बावजूद यहां सड़क, जलनिकासी और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का समुचित विकास नहीं हो पाया है। नतीजा यह है कि इंदिरा कॉलोनी के लोगों के लिए जलजमाव अब स्थायी समस्या बन चुका है। अललपट्टी रेलवे गुमटी से रघेपुरा मुख्य सड़क तक जगह-जगह जलजमाव के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। सड़क के कई हिस्सों में पानी भरा रहने से गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों को रोजाना जोखिम उठाकर गुजरना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में बनी सड़क भी अब खराब होने लगी है और कई जगहों पर टूटकर गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान नाला नहीं बनाया गया, जिसके कारण बारिश का पानी और आसपास के नालों का पानी सड़क पर जमा हो जाता है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, लेकिन सामान्य दिनों में भी सड़क पर पानी भरा रहना यहां की नियति बन गया है। गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना अब लोगों की मजबूरी बन गई है। इंदिरा कॉलोनी शहर और ग्रामीण क्षेत्र के बीच स्थित होने के कारण लंबे समय से प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में यहां की आबादी तेजी से बढ़ी है और नए मकानों का निर्माण भी हुआ है, लेकिन आबादी बढ़ने के अनुपात में बुनियादी ढांचे का विकास नहीं किया गया। नतीजतन सड़क, जलनिकासी और पेयजल जैसी सुविधाएं गंभीर समस्या बनकर सामने आ रही हैं। मोहल्ले के लोगों को पीने के पानी की भी कमी का सामना करना पड़ता है। कई घरों में लोग निजी बोरिंग या अन्य अस्थायी व्यवस्था के सहारे पानी की जरूरत पूरी कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी विभागों की निगरानी के अभाव में सड़क और नाले की जमीन पर तेजी से अतिक्रमण हुआ है। कई जगहों पर नाले की संभावित जमीन पर भी अवैध कब्जा कर लिया गया है। इसके कारण पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है और सड़क पर जलजमाव की स्थिति लगातार बनी रहती है। मोहल्ले के निवासी अनिल कुमार, शंभू कुमार झा, विनोद मंडल और शैलेंद्र कुमार बताते हैं कि इस समस्या को लेकर कई बार जिला प्रशासन को अवगत कराया गया है। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि करीब एक वर्ष पहले प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत इस क्षेत्र में सड़क का निर्माण कराया गया था। उस समय स्थानीय लोगों ने सड़क के साथ नाला बनाने की मांग भी उठाई थी, लेकिन उस पर ध्यान नहीं दिया गया। परिणाम यह हुआ कि नई बनी सड़क भी अब जलजमाव के कारण टूटने लगी है। लहेरियासराय रेलवे गुमटी के पास रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण शुरू होने के बाद यातायात का दबाव और अधिक बढ़ गया है। पहले जहां इस सड़क से सीमित संख्या में वाहन गुजरते थे, अब बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजर रहे हैं। शिकायतें:1. सड़क पर जलजमाव के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। शिकायत पर भी कार्रवाई नहीं हो रही।2. पेयजल संकट के कारण लोगों को पीने के पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा है। लोग खरीदकर पानी पी रहे हैं।3. जलनिकासी के अभाव में पूरे मोहल्ले में जगह-जगह गंदा पानी जमा रहता है। इससे आवागमन में परेशानी होती है।4. सड़क और नाले की जमीन पर अतिक्रमण के कारण समस्या और गंभीर बन गई है। अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। 5. तेजी से बढ़ती आबादी के बावजूद बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। समस्या दूर करने की पहल नहीं हो रही है।सुझाव:1. सड़क किनारे पक्का नाला निर्माण कराकर जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान किये जाने की जरूरत है।2. सड़क और नाले की जमीन से अतिक्रमण हटाकर जलनिकासी का रास्ता साफ किये जाने की जरूरत है। 3. पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तो लोगों को काफी हद तक समस्या से निजात मिल सकती है।4. सड़क के नियमित रखरखाव और मरम्मत पर ध्यान दिया जाए। इसके लिए अधिकारियों को पहल करनी चाहिए।5. बढ़ती आबादी के अनुसार कॉलोनी में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए अधिकारियों को योजनाएं बनानी चाहिए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन