दरभंगा एयरपोर्ट आना-जाना होगा आसान, NH-27 पर इंटरचेंज और अंडरपास को केंद्र से मंजूरी
दरभंगा एयरपोर्ट पर कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार ने सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इसके तहत एनएच-27 पर इंटरचेंज और अंडरपास का निर्माण किया जाएगा।

उत्तर बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी और बेहतर होने वाली है। दरभंगा हवाई अड्डा को सड़क मार्ग से बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए एनएच-27 पर ट्रंपेट इंटरचेंज बनाया जाएगा। इसके निर्माण की मंजूरी केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने दे दी है। सरकार ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को इस परियोजना को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा ने यह जानकारी दी।
सांसद ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से गुरुवार को पोस्ट साझा की। इसमें उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा एनएचएआई चेयरमैन को लिखापत्र दिखाया। इसमें एनएच-27 पर एयरपोर्ट के लिए इंटरचेंज तुरंत प्रभाव से बनाने का निर्देश दिया गया। साथ ही दरभंगा-जयनगर एनएच 27 को आमस-दरभंगा एक्सप्रेस वे से जोड़ने के लिए 4 किलोमीटर लंबी सड़क बनाने की कवायद भी शुरू करने को कहा गया है।
बता दें कि एनएच 27 के किनारे दरभंगा एयरपोर्ट का नया सिविल एनक्लेव टर्मिनल भवन बनाया जा रहा है। दरभंगा हवाई अड्डा को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसे देखते हुए हवाई अड्डा तक भविष्य में अधिक ट्रैफिक होने की संभावना है। इसी के चलते एनएच 27 पर ट्रंपेट इंटरचेंज और अंडरपास की जरूरत है।
ट्रंपेट इंटरचेंज एक तरह का रोड इंटरचेंज होता है। इसमें एक रोड दूसरे के ऊपर या नीचे से गुजरता है। दोनों रोड के बीच गाड़ियों के दाएं या बाएं मुड़ने के लिए विशेष लेन होती है। इसमें एक लेन ऊपर की ओर और दूसरी नीचे की ओर जाती है। इससे ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता रहता है। बहुत ज्यादा ट्रैफिक वाली जगहों पर ऐसे इंटरचेंज बनाए जाते हैं, ताकि जाम न लगे।




साइन इन