dabang fired many mahadalit houses in nawada district bihar बिहार में दबंगों ने जला डाले कई महादलितों के घर, फायरिंग का भी आरोप; भारी पुलिस बल तैनात, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में दबंगों ने जला डाले कई महादलितों के घर, फायरिंग का भी आरोप; भारी पुलिस बल तैनात

घटना का कारण जमीनी विवाद बताया जा रहा है। नदी के किनारे पर स्थित कृष्णा नगर की जमीन पर दो पक्षों द्वारा दावा किया जाता रहा है। इसे लेकर पूर्व में भी विवाद व गोलीबारी का आरोप लगाया जा रहा है। जिला प्रशासन के मुताबिक जमीन मामले में कोर्ट में टाइटिल शूट चल रहा है।

Wed, 18 Sep 2024 10:19 PMNishant Nandan हिन्दुस्तान टीम, नवादा
share
बिहार में दबंगों ने जला डाले कई महादलितों के घर, फायरिंग का भी आरोप; भारी पुलिस बल तैनात

बिहार के नवादा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर इलाके में सुनियोजित तरीके से दबंगों ने घरों को फूंक दिया। गर्मी होने के कारण अधिकांश लोग घरों से बाहर थे। बताया जाता है कि दर्जनों लोगों ने गांव को घेर कर घरों में आग लगा दिया। आरोप है कि इस दौरान दबंगों द्वारा गोलीबारी भी की गई। घटना का कारण जमीनी विवाद बताया जा रहा है। नदी के किनारे पर स्थित कृष्णा नगर की जमीन पर दो पक्षों द्वारा दावा किया जाता रहा है। इसे लेकर पूर्व में भी विवाद व गोलीबारी का आरोप लगाया जा रहा है। जिला प्रशासन के मुताबिक जमीन मामले में कोर्ट में टाइटिल शूट चल रहा है।

इसी बीच इस घटना को अंजाम दिया गया है। ताजा जानकारी मिलने तक नवादा के डीएम आशुतोष कुमार वर्मा ने 21 परिवारों के घरों के जलने की पुष्टि की है। वहीं एसपी अभिनव धीमन ने इस मामले में अब तक 10 संदिग्ध आरोपितों के गिरफ्तारी की बात कही है। अधिकारियों ने कहा है कि घटना में किसी के अब तक किसी व्यक्ति अथवा मवेशियों के घायल होने की खबर नहीं है। मौके पर फायर ब्रिगेड के अलावा एम्बुलेंस भी पहुंची है। घटना का जायजा लिया जा रहा है। आगजनी में हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।

नवादा में महादलितों का घर जलाया गया।

मजिस्ट्रेट व पुलिस बल प्रतिनियुक्त

घटनास्थल पर मजिस्ट्रेट व पुलिस बल प्रतिनियुक्त कर दिए गए हैं। फिलहाल डीएम व एसपी भी घटनास्थल पर कैम्प कर रहे हैं। इनके अलावा सदर एसडीपीओ-01 एएसपी अनोज कुमार, एसडीओ अखिलेश कुमार, एसडीपीओ-02 सुनील कुमार, नगर सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार झा, नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार समेत आधा दर्जन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची हुई है। घटनास्थल पर अधिकारियों द्वारा लोगों को शांत कराया जा रहा है। वहीं आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही है।

दाने-दाने को मोहताज हुए लोग

फायर ब्रिगेड की गाड़ियों द्वारा आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। ताजा जानकारी मिलने तक आग पर पूरी तरह अब तक काबू नहीं पाया जा सका है। फायर ब्रिगेड की अतिरिक्त गाड़ियों को भी मौके पर बुलाया गया है। इससे पूर्व दस गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची थीं। ग्रामीणों के मुताबिक आगजनी में उनके घरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। 

उनके पास न तो खाने के लिए कुछ अनाज बचा है और न ही पहनने के लिए कोई कपड़ा। वे लोग बेघर हो गये और भूखों मरने के लिए भी विवश होंगे। घटनास्थल पर अभी भी काफी अफरातफरी मची है। लोग जले हुए घरों में बचा हुआ खाने व पहनने का सामान तलाशने की कोशिश कर रहे हैं। महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है।

इनके घरों के जलने की खबर

ग्रामीणों के मुताबिक जिन लोगों के घर जलकर खाक हो गये उनमें मुनेश्वरी देवी, चंदा देवी, पुतुल देवी, भुटाली मांझी, बिनेश्वर मांझी, मिठू मांझी, रोहित मांझी, मनोज मांझी, संजय मांझी, डोमा मांझी, अजय मांझी, राजो मांझी, बिदूर मांझी, मंटूस मांझी, केसो मांझी, सत्येन्द्र मांझी, जगदीश मांझी आदि शामिल हैं।

क्या बोले DM-SP

नवादा के डीएम आशुतोष कुमार वर्मा ने कहा कि 21 परिवारों के घर जले हैं। अभी और भी आकलन किया जा रहा है। एसडीओ, एसडीपीओ, फायर ब्रिगेड आदि मौके पर पहुंचे हुए हैं। पूर्व से टाइटिल चल रहा था। लोगों का आरोप है कि इसी को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है। वहीं 

नवादा के एसपी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति अथवा मवेशी के घायल होने अथवा मौत की सूचना नहीं है। 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल कैम्प कर रही है। जमीन पर कब्जा को लेकर विवाद की बात सामने आयी है। आगे और भी गिरफ्तारी की जाएगी। मजिस्ट्रेट व पुलिसबल तीन दिनों तक यहां कैम्प करेंगे।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।