Complex in Purnea flat in Noida 14 lakh cash recovered from Bihar education officer house पूर्णिया में कॉम्प्लेक्स, नोएडा में फ्लैट; बिहार के शिक्षा अधिकारी के घर से मिले 14 लाख कैश, Bihar Hindi News - Hindustan
More

पूर्णिया में कॉम्प्लेक्स, नोएडा में फ्लैट; बिहार के शिक्षा अधिकारी के घर से मिले 14 लाख कैश

बिहार के शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र नारायण के घर एसवीयू की छापेमारी में 14 लाख रुपये कैश बरामद किए गए। इसके अलावा लाखों के गहने और बिजनेस कॉम्प्लेक्स, फ्लैट एवं प्लॉट की खरीद के कई दस्तावेज भी मिले। 

Thu, 11 Sep 2025 10:55 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
पूर्णिया में कॉम्प्लेक्स, नोएडा में फ्लैट; बिहार के शिक्षा अधिकारी के घर से मिले 14 लाख कैश

बिहार के शिक्षा विभाग के एक अधिकारी के घर से विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) की छापेमारी में कई संपत्तियों का खुलासा हुआ है। एसवीयू ने गुरुवार को तिरहुत प्रमंडल, मुजफ्फरपुर के क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक (RDDE) वीरेंद्र नारायण के पटना, पूर्णिया एवं मुजफ्फरपुर स्थित चार ठिकानों पर छापेमारी की। रेड में शिक्षा अधिकारी के ठिकानों से 4.59 करोड़ रुपये आय से अधिक चल-अचल संपत्ति की जानकारी मिली है। जांच टीम को अधिकारी के नाम पर पूर्णिया में 4 मंजिला मार्केट कॉम्प्लेक्स और नोएडा में फ्लैट के कागज भी मिले हैं। इसके अलावा आरडीडीई के आवासीय परिसर से 14 लाख रुपये कैश सहित 29 लाख रुपये के जेवरात बरामद किए गए।

बरामद नोट गिनने के लिए एसवीयू को मशीन मंगानी पड़ी। साथ ही वीरेंद्र नारायण के विभिन्न बैंक खाता एवं एफडी में लगभग 50 लाख रुपये निवेश का पता चला है। एसवीयू के मुताबिक वीरेंद्र नारायण के नाम पर पूर्णिया के चित्रवाणी सिनेमा रोड में लगभग 2.5 करोड़ रुपये मूल्य का एक चार मंजिला मार्केट कॉम्प्लेक्स और यूपी के नोएडा सेक्टर 18 में फ्लैट खरीदे जाने के प्रमाण हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पटना और कोटा में फ्लैट, एनसीआर में ऑफिस; नोट जलाने वाला इंजीनियर मालदार निकला

उनके और उनकी पत्नी स्नेहा निधि के नाम पर अररिया के जोकीहाट एवं पूर्णिया सदर में कई प्लॉट के दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिनकी छानबीन चल रही है। एसवीयू के अनुसार इस मामले में करीब 3.75 करोड़ रुपये आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की गई थी। लेकिन, तलाशी के दौरान अभियुक्त के ठिकानों से दर्ज आय से 84 लाख रुपये अधिक की चल-अचल संपत्तियां मिली हैं

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।