बिहार में सरकार ने शुरू कर दी तीसरी सात निश्चय योजना, नीतीश ने पहली दो बार में क्या किया?
सात निश्चय 2 में महिलाओं के उत्थान पर खास तौर से जोर दिया गया था। इसमें महिलाओं को उद्योग लगाने के लिए 50 फीसदी अथवा अधिकतम 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त कर्ज देने का प्रावधान किया गया था।
बिहार में नीतीश सरकार ने सात निश्चय पार्ट-3 का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद अपने एक्स हैंडल पर सात निश्चय के तहत आने वाले विभिन्न कार्यक्रमों का ऐलान किया है। यह सभी कार्यक्रम साल 2025 - 2030 के लिए लागू होंगे। सात निश्चय पार्टी- 3 में जिन कार्यक्रमों को शामिल किया गया है उनमें - दोगुना रोजगार- दोगुनी आय, समृद्ध उद्योग-सशक्त बिहार3. कृषि में प्रगति-प्रदेश की समृद्धि, उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य, सुलभ स्वास्थ्य-सुरक्षित जीवन, मजबूत आधार-आधुनिक विस्तार, सबका सम्मान-जीवन आसान शामिल हैं। हम अपनी इस रिपोर्ट में आपको बताते हैं कि सीएम नीतीश कुमार ने सात निश्चय 1 और सात निश्यच 2 में किन-किन कार्यक्रमों को शामिल किया था और क्या-क्या काम किए गए थे।
नीतीश सरकार ने साल 2020 में सात निश्चय -2 का ऐलान किया था। 5 साल तक के लिए लागू की गई इस योजना में युवा शक्ति और महिलाओं के विकास पर जोर दिया गया था।
सात निश्चय पार्ट -2 के तहत हुए थे ये ऐलान -:
1. युवा शक्ति-बिहार की प्रगति
इसके तहत राज्य के सभी आईटीआई तथा पॉलिटेक्निक संस्थानों में गुणवत्ता बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया था। स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, संवाद कौशल और कम्प्यूटर ट्रेनिंग पर जोर दिया गया था।
2. सशक्त महिला-सक्षम महिला
सात निश्चय 2 में महिलाओं के उत्थान पर खास तौर से जोर दिया गया था। इसमें महिलाओं को उद्योग लगाने के लिए 50 फीसदी अथवा अधिकतम 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त कर्ज देने का प्रावधान किया गया था। इसके अलावा इंटर पास करने वाली छात्राओं को 25,000 तथा स्नातक की परीक्षा पास करने वाली युवतियों को 50 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने की बात कही गई थी।
3. हर खेत तक सिंचाई का पानी
सात निश्चय पार्ट 2 में किसानों के लिए भी खास प्रावधान किए गए थे। वादा किया गया था तब अगले 5 साल में हर खेत के लिए सिंचाई का पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
4. स्वच्छ गांव-समृद्ध गांव
बिहार के गांवों को चमकाने और ग्रामीण आबादी को समृद्ध बनाने के लिए भी सात निश्चय 2 में कई प्रावधान लागू किए गए थे। इसके तहत पंचायती राज विभाग और ऊर्जा विभाग को जिम्मेदारी दी गई थी कि वो सभी गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाएं। गांव में रहने वाले लोगों को आर्थिक तौर पर सक्षम बनाने के लिए पशु और मत्स्य संसाधनों के विकास को भी इसमें शामिल किया गया था।
5. स्वच्छ शहर-विकसित शहर
सीएम नीतीश कुमार के महत्वकांक्षी सात निश्चय पार्ट 2 में शहरों को स्वच्छ बनाने पर भी जोर दिया गया था। इसके तहत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन तथा नदी घाटों पर विद्युत शवदाह गृह बनाने का निर्णय लिया गया था। इसके अलावा शहर में रहने वाले गरीबों के लिए बहुमंजिला आवास निर्माण का प्रावधान किया गया था।
6. सुलभ संपर्कता
सात निश्चय पार्ट-2 में गांवों के प्रमुख सड़कों को जोड़ने, बाइपास रोड और फ्लाईओवर निर्माण पर जोर दिया गया था।
7. सबके लिए अतिरिक्त स्वास्थ्य सुविधा
इस योजना के तहत शहर से लेकर गांव तक स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने का निर्णय लिया गया था। इसमें टेलीमेडिसीन के जरिए पीएचसी, सीएचसी के साथ ही अनुमंडल और जिला अस्पतालों को जोड़ने की योजना को भी शामिल किया गया था। सभी विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने का निर्णय लिया गया थाा।
आपको बता दें कि बिहार को विकसित बनाने के लिए साल 2015 में नीतीश सरकार ने सात निश्चय योजना की शुरुआत की थी। सात निश्चय पार्ट 1 में भी नीतीश सरकार ने बिहार के विकास से जुड़ी कई बड़ी योजनाओं को शामिल किया था।
सात निश्चत योजना पार्ट वन के तहत हुए थे ये ऐलान
1. आर्थिक हल युवाओं को बल
इसमें बिहार के युवाओं को शिक्षित बनाने तथा उनके कौशल विकास पर जोर दिया गया था। इस निश्चय के तहत सभी विश्वविद्यालयों एवं कॉलेजों में मुफ्त वाई-फाई, कुशल युवा कार्यक्रम, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना समेत कुछ अन्य योजनाओं को मंजूरी दी गई थी। इसके अलावा 12वीं पास छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए चार लाख रुपये तक का कर्ज देने का भी प्रावधान किया गया था।
2. हर घर बिजली लगातार
यह बिहार में बिजली की स्थिति सुधारने के लिए उठाया गया एक बड़ा कदम था। इस योजना के तहत दिसंबर 2018 तक बिहार के सभी घरों तक बिजली पहुंचाने के कठिन लक्ष्य को रखा गया था। इसके अलावा निरंतर बिजली आपूर्ति के लिए भी कदम उठाए गए थे।
3. हर घर नल का जल
बिहार के सभी परिवारों को पाइप के जरिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लक्ष्य के साथ इस योजना की शुरुआत की गई थी। सात निश्चय में इसके तहत मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल, मुख्यमंत्री शहरी पेयजल निश्चय योजना को शामिल किया गया था।
4. आरक्षित रोजगार, महिलाओं का अधिकार
इस योजना के तहत नीतीश सरकार ने बिहार के सभी सेवा संवर्गों में महिलाओं को 35 फीसदी आरक्षण देने का प्रावधान किया था।
5. घर तक, पक्की गली-नालियां
इस योजना के तहत बिहार में पक्की सड़कों का जाल बिछाने तथा गांव और शहरों की गलियों में नालियां बनाने का टारगेट रखा गया था।
6. अवसर बढ़े, आगे पढ़ें
सात निश्चय 1 में अवसर बढ़े, आगे पढ़ें योजना को खासकर उन छात्रों के लिए शामिल किया गया था जिन्हें राज्य में तकनीकि एवं व्यवसायिक शिक्षा व्यवस्था की कमी के चलते बाहर जाना पड़ता था। इसके तहत जीएनएम स्कूल, पैरा मेडिकल संस्थान, अभियंत्रण महाविद्यालय, महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान समेत कुछ अन्य संस्थान खोले गए।
7. शौचालय निर्माण, घर का सम्मान योजना
बिहार को खुले में शौच से मुक्त करने के लिए यह योजना काफी
अहम थी। इसके तहत कई प्रखंडों और अनुमंडलों को खुले में शौच मुक्त भी किया गया।




साइन इन