CM Nitish Kumar confirms Rajya Sabha JDU President says going Delhi to fulfill a wish of his life नीतीश कुमार ने ही कर दिया कन्फर्म, बोले- जीवन की एक इच्छा पूरी करने राज्यसभा जा रहा हूं, Bihar Hindi News - Hindustan
More

नीतीश कुमार ने ही कर दिया कन्फर्म, बोले- जीवन की एक इच्छा पूरी करने राज्यसभा जा रहा हूं

Nitish Kumar Rajya Sabha: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने की बात की खुद ही पुष्टि कर दी है। उन्होंने कहा कि वो जीवन की एक इच्छा पूरी करने के लिए राज्यसभा जाना चाहते हैं।

Thu, 5 March 2026 11:32 AMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
नीतीश कुमार ने ही कर दिया कन्फर्म, बोले- जीवन की एक इच्छा पूरी करने राज्यसभा जा रहा हूं

बिहार का मुख्यमंत्री पद छोड़ने और राज्यसभा सांसद बनकर दिल्ली जाने की चर्चा को खुद सीएम नीतीश कुमार ने कन्फर्म कर दिया है। राज्यसभा चुनाव के नामांकन के आखिरी दिन नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर बताया है कि वो अपने जीवन की एक इच्छा पूरी करने के लिए राज्यसभा जाना चाहते हैं। नीतीश कुमाार ने विकसित बिहार के संकल्प को दोहराते हुए कहा है कि वो नए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बनने वाली एनडीए की नई सरकार को सहयोग और मार्गदर्शन देते रहेंगे। उन्होंने कहा है कि बिहार के साथ उनका संबंध भविष्य में भी बना रहेगा।

नीतीश कुमार ने अपनी उस इच्छा के बारे में भी बताया है, जिसके लिए वो सीएम का पद भाजपा के लिए छोड़कर दिल्ली जाने के लिए तैयार हो गए हैं। नीतीश ने लिखा है- “संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूँ।” आपको बता दें कि नीतीश कुमार हरनौत से बिहार विधानसभा के विधायक, बाढ़ से लोकसभा के सांसद और अब बिहार विधान परिषद के विधान पार्षद हैं। वो कभी राज्यसभा में नहीं रहे हैं।

नीतीश ने बिहार की विकास यात्रा को याद करते हुए लिखा है- “पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है। उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है। मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी, उसको पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।”

नीतीश कुमार ने जिन अटकलों को खुद सामने आकर कन्फर्म कर दिया है, उसके मुताबिक बिहार में अब भाजपा का मुख्यमंत्री होगा। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि नया सीएम जो भी होगा, वो नीतीश कुमार की मर्जी से बनेगा। अटकलों के मुताबिक बीजेपी के सीएम के नेतृत्व में सरकार में जेडीयू को दो डिप्टी सीएम का पद मिलेगा। नीतीश के बेटे निशांत कुमार का एक उपमुख्यमंत्री होना तय है, दूसरे के लिए विजय कुमार चौधरी के नाम की चर्चा है। नीतीश कुछ देर में एनडीए के नेताओं के साथ राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन करने जाएंगे। उनके साथ नितिन नवीन, उपेंद्र कुशवाहा, शिवेश राम और जेडीयू के एक और संभावित कैंडिडेट रामनाथ ठाकुर पर्चा भर सकते हैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।