Classes start from July 2026 in 213 new Bihar degree colleges Nitish announced 55 center of excellence बिहार के 213 नए डिग्री कॉलेज में जुलाई से पढ़ाई, 55 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनेंगे; नीतीश का ऐलान, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार के 213 नए डिग्री कॉलेज में जुलाई से पढ़ाई, 55 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनेंगे; नीतीश का ऐलान

बिहार में 213 नए डिग्री कॉलेज इसी साल खुलने वाली है। आगामी शैक्षणिक सत्र से इनमें पढ़ाई भी शुरू हो जाएगी। इसके अलावा, 55 शिक्षण संस्थानों को सेंटर फॉर एक्सीलेंस के रूप में भी विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को यह जानकारी दी।

Wed, 4 Feb 2026 05:14 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
बिहार के 213 नए डिग्री कॉलेज में जुलाई से पढ़ाई, 55 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनेंगे; नीतीश का ऐलान

बिहार में जल्द ही 213 नए डिग्री कॉलेज खुलने वाले हैं। अगले सत्र यानी जुलाई 2026 से इनमें पढ़ाई भी शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य के हर प्रखंड में अब एक डिग्री कॉलेज होगा। खासकर लड़कियों को उच्च शिक्षा हासिल करने में बहुत सुविधा होगी। इसके अलावा, राज्य के 55 शिक्षण संस्थानों को सेंटर फॉर एक्सीलेंस के रूप में भी विकसित किया जाएगा।

सीएम नीतीश ने बुधवार को सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि सात निश्चय-3 के चौथे निश्चय ‘उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य‘ के तहत राज्य के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने का निर्णय लिया गया है। ताकि छात्रों विशेषकर लड़कियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा हो।

उन्होंने कहा कि अभी भी बिहार के सभी 534 प्रखंडों में से 213 में कोई भी अंगीभूत या संबद्ध डिग्री कॉलेज नहीं हैं। इसी क्रम में सरकार ने प्रथम चरण में ऐसे सभी 213 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने और इसी साल से पढ़ाई शुरू करने का निर्देश दिया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार के हर गांव में दुग्ध उत्पादन समिति, पंचायत में सुधा बिक्री केंद्र

सीएम ने कहा कि बिहार के पुराने प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके तहत कुल 55 शिक्षण संस्थानों का चयन किया गया है। इन प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के उन्नयन के लिए योजनाबद्ध ढंग से कार्रवाई की जा रही है। इन संस्थानों के पुराने अनुभवी शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं से विमर्श एवं उनका सुझाव प्राप्त कर आगे की कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया है।

उन्होंने दावा किया कि सरकार के इस फैसले से युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा पाने में सहूलियत मिलेगी। साथ ही सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनने के बाद पुराने शिक्षण संस्थानों का गौरव भी पुनर्स्थापित होगा। इससे राज्य के चहुंमुखी विकास में काफी सहयोग मिलेगा।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।