chirag paswan surprise move in bihar mlc polls gives ticket to ashraf ansari बिहार MLC चुनाव के लिए चिराग पासवान का मास्टरस्ट्रोक, अशरफ अंसारी को टिकट देकर चौंकाया, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार MLC चुनाव के लिए चिराग पासवान का मास्टरस्ट्रोक, अशरफ अंसारी को टिकट देकर चौंकाया

Bihar MLC Election 2026 : बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 के लिए चिराग पासवान की पार्टी ने अशरफ अंसारी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि बीजेपी और जेडीयू पहले ही अपने 4-4 प्रत्याशी उतार चुकी हैं।

Sat, 6 June 2026 01:19 PMJayendra Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
बिहार MLC चुनाव के लिए चिराग पासवान का मास्टरस्ट्रोक, अशरफ अंसारी को टिकट देकर चौंकाया

Bihar MLC Election 2026 : बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर राज्य का सियासी पारा तेज है। इसी बीच एनडीए (NDA) की सहयोगी पार्टी और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के मुखिया चिराग पासवान ने अपने उम्मीदवार के नाम का बड़ा ऐलान कर दिया है। चिराग पासवान की पार्टी की ओर से कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष अशरफ अंसारी को मैदान में उतारा गया है। पार्टी की तरफ से जारी सरकारी लेटर के मुताबिक, केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड ने काफी सोच-विचार करने के बाद अशरफ अंसारी के नाम पर अपनी अंतिम मंजूरी दी है। चिराग पासवान के इस फैसले को बिहार की राजनीति में एक बड़ा मुस्लिम कार्ड और सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

बीजेपी ने भोजपुरी स्टार पवन सिंह और संजय मयूख को दिया टिकट

लोजपा (रामविलास) से पहले शुक्रवार को ही एनडीए के दो बड़े दलों यानी बीजेपी और जेडीयू ने भी अपने चार-चार उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी थी। बीजेपी ने इस बार बड़ा चौंकाने वाला फैसला लेते हुए मशहूर भोजपुरी गायक और स्टार पवन सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा बीजेपी ने अपने राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी संजय मयूख को लगातार तीसरी बार विधान परिषद भेजने का भरोसा जताया है। बीजेपी ने पूर्णिया के अनिल कुमार ठाकुर और शीला प्रजापति को भी टिकट देकर हर वर्ग को साधने का प्रयास किया है। दूसरी तरफ, नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने पटना से निशांत कुमार, मधुबनी से भारती मेहता, पश्चिमी चंपारण से शिवरानी देवी प्रजापति और शेखपुरा से ललन प्रसाद को अपना प्रत्याशी बनाया है।

8 जून को नामांकन की आखिरी तारीख

बिहार विधान परिषद के इस चुनाव के लिए पर्चा यानी नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 8 जून तय की गई है। चिराग पासवान की पार्टी के इस नए ऐलान के बाद एनडीए गठबंधन ने अब तक अपने कुल 9 उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतार दिया है। माना जा रहा है कि एनडीए के ये सभी 9 उम्मीदवार नामांकन के आखिरी दिन यानी 8 जून को एक साथ अपना पर्चा भरेंगे। इस दौरान बीजेपी, जेडीयू और लोजपा (रामविलास) के कई बड़े और शीर्ष नेताओं का जमावड़ा देखने को मिल सकता है। आपको बता दें कि इस चुनाव के लिए आने वाली 18 जून को वोट डाले जाएंगे।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।