Chirag Paswan outraged Patna Police Lathicharge on youths demanding BPSC TRE 4 Notification बेरोजगारों पर लाठीचार्ज से भड़के चिराग पासवान, प्रदर्शनकारियों से बोले- नई सरकार को थोड़ा समय दें, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बेरोजगारों पर लाठीचार्ज से भड़के चिराग पासवान, प्रदर्शनकारियों से बोले- नई सरकार को थोड़ा समय दें

चिराग पासवान ने बीपीएससी टीआरई 4 परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी करने की मांग कर रहे बेरोजगार युवाओं पर पटना पुलिस द्वारा लाठीचार्ज करने की निंदा की है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से धैर्य रखने की अपील की है और कहा कि नई सरकार को थोड़ा समय दें। 

Fri, 8 May 2026 04:13 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
बेरोजगारों पर लाठीचार्ज से भड़के चिराग पासवान, प्रदर्शनकारियों से बोले- नई सरकार को थोड़ा समय दें

बिहार में सम्राट कैबिनेट के विस्तार के अगले दिन राजधानी पटना में बीपीएससी टीआरई 4 का विज्ञापन जारी करने की मांग कर रहे बेरोजगार युवाओं पर हुए लाठीचार्ज से सियासी पारा गर्मा गया है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के मुखिया एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पटना पुलिस पर भड़क गए हैं। उन्होंने युवाओं पर लाठीचार्ज की निंदा करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। हालांकि, उन्होंने प्रदर्शनकारियों से यह भी कहा कि नई सम्राट कैबिनेट का विस्तार कल ही हुआ है। ऐसे में सरकार को थोड़ा समय दें और धैर्य रखें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सम्राट चौधरी सरकार इस पर सकारात्मक पहल जरूर करेगी।

चिराग पासवान ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह बात कही। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में युवाओं को अपनी जायज़ मांगों को रखने का अधिकार है। शिक्षक भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे हजारों अभ्यर्थी लंबे समय से अधिसूचना जारी होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। उनकी आवाज सुनने के बजाय बल प्रयोग करना संवेदनशीलता और संवाद की भावना के विपरीत है।

सरकार जल्द TRE 4 विज्ञापन जारी करे- चिराग

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार एवं प्रशासन को चाहिए कि अभ्यर्थियों की मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए जल्द से जल्द टीआरई 4.0 की अधिसूचना जारी करे तथा युवाओं के भविष्य और उनके धैर्य का सम्मान करे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:BPSC TRE- 4 परीक्षा के आंदोनकारियों पर लाठीचार्ज; विज्ञापन और पीटी-मेंस पर बवाल

टीआरई-4 के लिए बेरोजगारों का प्रदर्शन

पटना में शुक्रवार को राज्य भर से आए हजारों की संख्या में बेरोजगार युवाओं ने टीआरई 4 का विज्ञापन जारी करने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी बीपीएससी और सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए सड़कों पर उतर गए और शिक्षा मंत्री के आवास तक मार्च करने लगे।

पटना पुलिस ने अभ्यर्थियों को रोकने की कोशिश की। जब वे नहीं रुके तो उन्हें खदेड़ने के लिए पुलिसकर्मियों ने लाठीचार्ज कर दिया। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी पटना में डटे हुए हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कल सरकार का विस्तार, आज रोड पर उतरे बेरोजगार; पटना में TRE प्रदर्शन पर लाठीचार्ज

बता दें कि एक दिन पहले ही राज्य में सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली नई सरकार के कैबिनेट का विस्तार हुआ है। शिक्षा विभाग गठबंधन सरकार में इस बार सीएम सम्राट की पार्टी भाजपा के पास चला गया है। पहली बार कैबिनेट में शामिल किए गए मिथिलेश तिवारी शिक्षा मंत्री बनाए गए हैं। पिछली नीतीश सरकार में यह विभाग जदयू के पास था और सुनील कुमार शिक्षा मंत्री थे।

नए शिक्षा मंत्री तिवारी ने शुक्रवार को कहा कि अब किसी तरह की बहाली नहीं फंसेगी। अधिकारियों के साथ बैठकर सभी समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:Patna News: TRE 4 अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज, एज रिलैक्सेशन की मांग पर बवाल
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।