चिराग पासवान भी बिहार यात्रा करेंगे, खरमास के बाद टूर, अरुण भारती बनाएंगे नई दलित सेना
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान अगले साल यानी 2026 की शुरुआत में खरमास के बाद बिहार में यात्रा निकालेंगे। इसके अलावा, उन्होंने नए सिरे से दलित सेना बनाने का ऐलान किया है। इसकी जिम्मेदारी चिराग ने अपने जीजा एवं सांसद अरुण भारती को दी है।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी बिहार की यात्रा करेंगे। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) अगले साल की शुरुआत में खरमास के बाद यात्रा निकालेगी। बिहार चुनाव में एनडीए में प्रचंड जीत के लिए इस यात्रा के जरिए धन्यवाद दिया जाएगा और जनता से संवाद किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए चिराग पासवान ने नए सिरे से दलित सेना बनाने का भी ऐलान किया। इसकी जिम्मेदारी उन्होंने अपने जीजा एवं लोजपा-आर के जमुई से सांसद अरुण भारती को दी है।
लोजपा-आर के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने शुक्रवार को पटना स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति पर दही-चूड़ा भोज के तुरंत बाद लोजपा-आर बिहार में धन्यवाद यात्रा निकालेगी। इसके जरिए हम लोग एनडीए की प्रचंड जीत पर जनता को धन्यवाद देंगे।
चिराग ने कहा कि उनके पिता दिवंगत रामविलास पासवान ने लोक जनशक्ति पार्टी के गठन से पहले दलित सेना बनाई थी। अपने पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाए कि उनके चाचा ने पार्टी के साथ-साथ दलित सेना को भी हड़प लिया था। इसलिए लोजपा (रामविलास) नए सिरे से दलित सेना का गठन करेगी।
उन्होंने कहा कि इसकी जिम्मेदारी अरुण भारती को दी गई है। उनके साथ लोजपा की दलित सेना के लंबे समय प्रदेश अध्यक्ष रहे मंत्री संजय पासवान भी उनके साथ इस पर काम करेंगे।
28 नवंबर को पटना में लोजपा का स्थापना दिवस
चिराग पासवान ने गुरुवार को यह भी कहा कि आगामी 28 नवंबर को लोक जनशक्ति पार्टी का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इसके लिए पटना में बड़ा कार्यक्रम करने की योजना है। जल्द ही इसकी पूरी जानकारी साझा की जाएगी। उन्होंने बताया कि रामविलास पासवान ने 28 नवंबर 2000 को ही लोजपा का गठन किया था।




साइन इन